सरायकेला/ Pramod Singh उपायुक्त नितिश कुमार सिंह के निर्देश पर शनिवार को जिला खनन पदाधिकारी ज्योति शंकर सतपति के नेतृत्व में जिला खनन विभाग, नीमडीह अंचल कार्यालय और नीमडीह थाना की संयुक्त टीम द्वारा औचक निरीक्षण किया गया. यह निरीक्षण सिंदूरपुर, बांदू और हेबेन समेत अन्य क्षेत्रों में किया गया.

निरीक्षण के दौरान टीम ने खनन स्थलों की भौतिक स्थिति का अवलोकन किया और स्थानीय नागरिकों से संवाद स्थापित कर वास्तविक स्थिति की जानकारी प्राप्त की. पूरे निरीक्षण के दौरान किसी भी प्रकार की अवैध खनन गतिविधि नहीं पाई गई.
इस दौरान स्थानीय ग्राम प्रधान और मुखिया जैसे जनप्रतिनिधि भी मौके पर मौजूद रहे और प्रशासन को सक्रिय सहयोग प्रदान किया. निरीक्षण दल ने बताया कि भविष्य में अवैध खनन की किसी भी संभावना को रोकने के लिए क्षेत्र में खनिज संबंधित गतिविधियों पर लगातार निगरानी रखी जाएगी. जिला प्रशासन द्वारा यह स्पष्ट संदेश दिया गया है कि अवैध खनन पर सख्ती से रोक लगाने हेतु प्रशासनिक कार्रवाई लगातार जारी रहेगी.

