सरायकेला/ Rasbihari Mandal जिले के राजनगर थाना क्षेत्र के कोलाबाड़िया गांव में सोमवार दोपहर हुए सड़क हादसे में 63 वर्षीय बुजुर्ग संतोष महंती की मौके पर ही दर्दनाक मौत हो गई. घटना दोपहर करीब 3 बजे की है जब एक तेज रफ्तार हाइवा ने सड़क किनारे पैदल जा रहे संतोष महंती को जोरदार टक्कर मार दी. टक्कर इतनी जबरदस्त थी कि मौके पर ही उनकी मौत हो गई और शव बुरी तरह क्षत-विक्षत हो गया.

घटना के बाद इलाके में अफरा-तफरी मच गई. आक्रोशित ग्रामीणों ने हाइवा चालक को पीछा कर छेलकानी के पास पकड़ लिया और उसकी जमकर पिटाई करने का प्रयास किया. सूचना मिलते ही राजनगर थाना पुलिस मौके पर पहुंची और स्थिति को नियंत्रण में लिया. पुलिस ने चालक को हिरासत में लेकर थाने भेज दिया.
ग्रामीण मृतक के परिजनों को मुआवजा देने की मांग को लेकर सड़क पर शव रखकर प्रदर्शन करने लगे. लोगों ने सड़क पर टायर जलाकर विरोध जताया और प्रशासन के खिलाफ नारेबाजी की. ग्रामीणों की मांग थी कि जब तक गाड़ी मालिक घटनास्थल पर नहीं आएंगे और मुआवजे की घोषणा नहीं करेंगे, तब तक शव नहीं उठाया जाएगा.
राजनगर थाना प्रभारी चंचल कुमार ने मौके पर पहुंचकर ग्रामीणों को समझाने का प्रयास किया और उचित मुआवजा दिलाने का आश्वासन दिया. हालांकि समाचार लिखे जाने तक शव सड़क पर ही था और स्थिति तनावपूर्ण बनी हुई थी.
बताया गया कि मृतक संतोष महंती कोलाबाड़िया गांव के निवासी थे और घटना के समय नीचे टोला की ओर से पैदल अपने घर लौट रहे थे. पुलिस ने हाइवा को जब्त कर लिया है और पूरे मामले की जांच शुरू कर दी है.


भारत के प्रमुख डिजिटल न्यूज़ प्लेटफॉर्म्स में से एक, India News Viral बिहार और झारखंड क्षेत्र की हर छोटी-बड़ी ख़बरों को सबसे तेज़ और सटीक रूप में पाठकों तक पहुँचाने के लिए जाना जाता है।
यह डिजिटल डेस्क स्थानीय मुद्दों से लेकर राष्ट्रीय व अंतरराष्ट्रीय घटनाओं तक, राजनीति, शिक्षा, स्वास्थ्य, खेल, मनोरंजन और सामाजिक सरोकार से जुड़ी हर ख़बर पर पैनी नज़र रखता है।
विश्वसनीय स्रोतों और जमीनी रिपोर्टिंग के दम पर, India News Viral – Bihar Jharkhand का उद्देश्य पाठकों को निष्पक्ष, त्वरित और तथ्यात्मक समाचार उपलब्ध कराना है।
