सरायकेला: जिला दंडाधिकारी- सह- उपायुक्त नितिश कुमार सिंह की अध्यक्षता में बुधवार को राजस्व संग्रहण, म्यूटेशन और उत्तराधिकार से संबंधित कार्यों की समीक्षा बैठक आयोजित की गई. बैठक में अनुमंडल पदाधिकारी, भूमि सुधार उपसमाहर्ता, अंचलाधिकारी, नगर निकाय प्रतिनिधि एवं संबंधित विभागों के अधिकारी उपस्थित रहे.

बैठक के प्रारंभ में उपायुक्त ने विभिन्न विभागों के राजस्व संग्रहण की स्थिति की समीक्षा की. उन्होंने कहा कि जिले की आर्थिक स्थिति को मजबूत करने और विकास योजनाओं को गति देने के लिए राजस्व संग्रहण में सुधार लाना अत्यंत आवश्यक है. उन्होंने सभी विभागों को निर्धारित लक्ष्यों के अनुरूप ठोस कार्ययोजना बनाकर उसके प्रभावी क्रियान्वयन का निर्देश दिया.
उपायुक्त ने वाणिज्य कर कार्यालय (आदित्यपुर और चाईबासा) को निर्धारित लक्ष्य के विरुद्ध प्रगति लाने, एम.वी.आई. को औद्योगिक संस्थानों के वाहनों की नियमित जांच करने, तथा जिला खनन पदाधिकारी को अवैध खनन और परिवहन के विरुद्ध जांच अभियान चलाने का निर्देश दिया. साथ ही, उत्पाद विभाग को अवैध शराब निर्माण, बिक्री और परिवहन के विरुद्ध अभियान चलाने तथा निर्धारित दर से अधिक मूल्य पर बिक्री की शिकायतों पर कठोर कार्रवाई करने के निर्देश दिए गए.
नगर निकाय अधिकारियों को विज्ञापन कर (Advertisement Tax) और होल्डिंग टैक्स की वसूली तेज करने के लिए संबंधित एजेंसियों और संस्थानों को नोटिस जारी करने का निर्देश दिया गया. मत्स्य विभाग को चांडिल डैम की बंदोबस्ती प्रक्रिया के प्रस्ताव को शीघ्र तैयार कर मुख्यालय को भेजने का निर्देश दिया गया.
उपायुक्त ने कहा कि जिन विभागों का राजस्व संग्रहण निर्धारित लक्ष्य से कम है, वे आगामी समीक्षा बैठक से पहले सुधार लाने का प्रयास करें.
बैठक में म्यूटेशन और उत्तराधिकार कार्यों की समीक्षा करते हुए उपायुक्त ने निर्देश दिया कि सभी SDM और LRDC अपने- अपने क्षेत्राधिकार के अंचलों का औचक निरीक्षण करें. लंबित और निरस्त आवेदनों की जांच कर आवश्यक सुधारात्मक कार्रवाई करें. उन्होंने कहा कि आम जनता को म्यूटेशन के लिए बार-बार कार्यालय का चक्कर नहीं लगाना पड़े, यह सुनिश्चित किया जाए.
उपायुक्त ने स्पष्ट निर्देश दिया कि म्यूटेशन से संबंधित किसी भी आवेदन को अनावश्यक रूप से लंबित न रखा जाए और निरस्त किए गए आवेदनों में उचित कारणों का उल्लेख अनिवार्य रूप से किया जाए. साथ ही जाति, आय और आवासीय प्रमाणपत्रों से संबंधित लंबित आवेदनों का समयबद्ध निष्पादन सुनिश्चित करने के भी निर्देश दिए.
उन्होंने अंचलाधिकारियों को अपने क्षेत्र के राजस्व कर्मचारियों के कार्यों की नियमित समीक्षा करने और प्रगति रिपोर्ट जिला मुख्यालय को भेजने का निर्देश दिया. उपायुक्त ने कहा कि कार्यालयों में अनावश्यक भीड़ और बिचौलियों की सक्रियता पर रोक लगाई जाए तथा जनता के कार्य पारदर्शी और समयबद्ध तरीके से पूरे किए जाएं.
राजस्व शिविरों की समीक्षा करते हुए उपायुक्त ने सभी आवेदनों के नियमसम्मत निष्पादन का निर्देश दिया. बैठक में कुकड़ू अंचल अधिकारी की अनुपस्थिति पर नाराजगी जताते हुए उन्हें शोकॉज (Show Cause) किया गया. कुकड़ू और इचागढ़ अंचल में धीमी प्रगति पर संबंधित अधिकारियों को सुधारात्मक कदम उठाने के निर्देश दिए गए.
उपायुक्त ने कहा कि राजस्व, उत्तराधिकार, म्यूटेशन और प्रमाणपत्र संबंधी सभी कार्यों में पारदर्शिता, उत्तरदायित्व और समयबद्धता सुनिश्चित की जाए. उन्होंने अधिकारियों से कहा कि जनता को किसी भी प्रकार की असुविधा न हो, इसके लिए प्रभावी निगरानी और तत्परता बनाए रखें.

भारत के प्रमुख डिजिटल न्यूज़ प्लेटफॉर्म्स में से एक, India News Viral बिहार और झारखंड क्षेत्र की हर छोटी-बड़ी ख़बरों को सबसे तेज़ और सटीक रूप में पाठकों तक पहुँचाने के लिए जाना जाता है।
यह डिजिटल डेस्क स्थानीय मुद्दों से लेकर राष्ट्रीय व अंतरराष्ट्रीय घटनाओं तक, राजनीति, शिक्षा, स्वास्थ्य, खेल, मनोरंजन और सामाजिक सरोकार से जुड़ी हर ख़बर पर पैनी नज़र रखता है।
विश्वसनीय स्रोतों और जमीनी रिपोर्टिंग के दम पर, India News Viral – Bihar Jharkhand का उद्देश्य पाठकों को निष्पक्ष, त्वरित और तथ्यात्मक समाचार उपलब्ध कराना है।
