सरायकेला: जिले के कुचाई गांव के टोला गाडाकुटी में ग्राम सभा की अनुमति के बिना जमीन अधिग्रहण और समतलीकरण किए जाने के विरोध में ग्रामीणों की एक अहम बैठक गाडाकुटी बालुसोया गोडा पडीया में आयोजित की गई. बैठक में बड़ी संख्या में ग्रामीणों ने भाग लिया और प्रशासन की इस कार्रवाई पर तीखा विरोध दर्ज कराया.

ग्रामीणों ने कहा कि उनके गांव की जमीन हमेशा बिना उनकी सहमति के अधिग्रहित कर ली जाती है, जो पूरी तरह गलत और अन्यायपूर्ण है. उन्होंने साफ शब्दों में कहा कि सीईओ और प्रशासन की मनमानी अब किसी भी कीमत पर बर्दाश्त नहीं की जाएगी.
बैठक में सर्वसम्मति से निर्णय लिया गया कि कुचाई अंचल अधिकारी को एक लिखित पत्र सौंपकर तीन प्रमुख सवालों का जवाब मांगा जाएगा. पहला, जमीन अधिग्रहण किस उद्देश्य से किया जा रहा है. दूसरा, किसके आदेश पर जेसीबी मशीन लगाकर जमीन का समतलीकरण कराया जा रहा है. तीसरा, ग्राम सभा से अनुमति लिए बिना यह कार्य किसके निर्देश पर कराया जा रहा है.
ग्रामीणों ने चेतावनी दी कि यदि अंचल अधिकारी की ओर से संतोषजनक जवाब नहीं मिलता है, तो वे उग्र आंदोलन करने को मजबूर होंगे. इस दौरान आदिवासी हो समाज महासभा के जिला उपाध्यक्ष मनोज कुमार सोय ने कहा कि पंचम अनुसूची क्षेत्र में डीसी और सीओ आदिवासियों के कस्टोडियन गार्जियन होते हैं और उनकी जिम्मेदारी है कि वे आदिवासियों की जमीन की रक्षा करें. यदि उन्हीं के संरक्षण में जमीन अधिग्रहण हो रहा है, तो वे न्यायालय का दरवाजा खटखटाने से पीछे नहीं हटेंगे.
बैठक में मेनका सोय, जावनी सोय, सुनीता सोय, सांनति सोय, चांदमनी सोय, बिरांग सोय, रानी सोय, पुलो सोय, मेचो कुई, जोवना सोय, प्यारी माई सोय, फूलमनी सोय, मदन सिंह सोय, धनीराम सोय, डुबराय सोय, पांडु बांकिरा, साधुचरण सोय, श्याम बांकिरा, जयपाल सोय, सुमन सोय, नेपाल सोय, सोमा सोय, जादु सोय, लीदुन माई गागराई, रांसी सोय, श्याम सोय, मानसिंह बांकिरा सहित बड़ी संख्या में ग्रामीण मौजूद थे.
ग्रामीणों ने एकजुट होकर कहा कि वे अपनी जमीन, अधिकार और अस्तित्व की रक्षा के लिए किसी भी हद तक जाएंगे और आवश्यकता पड़ी तो बड़े स्तर पर आंदोलन किया जाएगा.

भारत के प्रमुख डिजिटल न्यूज़ प्लेटफॉर्म्स में से एक, India News Viral बिहार और झारखंड क्षेत्र की हर छोटी-बड़ी ख़बरों को सबसे तेज़ और सटीक रूप में पाठकों तक पहुँचाने के लिए जाना जाता है।
यह डिजिटल डेस्क स्थानीय मुद्दों से लेकर राष्ट्रीय व अंतरराष्ट्रीय घटनाओं तक, राजनीति, शिक्षा, स्वास्थ्य, खेल, मनोरंजन और सामाजिक सरोकार से जुड़ी हर ख़बर पर पैनी नज़र रखता है।
विश्वसनीय स्रोतों और जमीनी रिपोर्टिंग के दम पर, India News Viral – Bihar Jharkhand का उद्देश्य पाठकों को निष्पक्ष, त्वरित और तथ्यात्मक समाचार उपलब्ध कराना है।
