गम्हरिया/ Rasbihari Mandal प्रखंड अंतर्गत डूडरा पंचायत स्थित धातकीडीह टोला गांडेडूंगरी के शिव मंदिर परिसर में शनिवार को बड़े ही श्रद्धा और भक्ति के वातावरण में बाबा भोलेनाथ का रुद्राभिषेक किया गया. इस पावन अवसर पर मुख्य यजमान के रूप में अशोक मंडल एवं उनकी पत्नी उपस्थित रहे, जिन्होंने पूरे विधि-विधान से भगवान शिव की पूजा-अर्चना की.

रुद्राभिषेक कार्यक्रम का संचालन मंदिर के पुजारी द्वारा वैदिक मंत्रोच्चारण और रुद्र पाठ के साथ आरंभ हुआ. जल, दूध, घी, शहद, दही और पंचामृत से बाबा का अभिषेक किया गया. पूरे कार्यक्रम के दौरान “हर-हर महादेव” और “बोल बम” के जयघोष से वातावरण गुंजायमान हो उठा. पूजा में आसपास के गांवों से भी श्रद्धालु बड़ी संख्या में पहुंचे. सभी ने भगवान शिव के चरणों में जल अर्पित कर सुख, समृद्धि और मंगलकामना की. महिलाओं ने पारंपरिक वेशभूषा में भक्ति गीत गाकर माहौल को और भी आध्यात्मिक बना दिया.
अशोक मंडल ने बताया कि हर वर्ष सावन और कार्तिक माह में इस तरह का आयोजन किया जाता है ताकि समाज में धार्मिक एकता और आस्था का संचार बना रहे. उन्होंने कहा कि इस आयोजन से न केवल गांव में शांति और सद्भाव का माहौल बनता है, बल्कि नई पीढ़ी को भी अपने संस्कृति और परंपरा से जुड़ने का अवसर मिलता है. कार्यक्रम के समापन पर प्रसाद वितरण किया गया.जिसमें बड़ी संख्या में ग्रामीणों ने भाग लिया और सामूहिक रूप से महाप्रसाद ग्रहण किया. पूरे दिन गांव का वातावरण भक्ति रस में डूबा रहा और श्रद्धालु “ॐ नमः शिवाय” का जाप करते नजर आए.

भारत के प्रमुख डिजिटल न्यूज़ प्लेटफॉर्म्स में से एक, India News Viral बिहार और झारखंड क्षेत्र की हर छोटी-बड़ी ख़बरों को सबसे तेज़ और सटीक रूप में पाठकों तक पहुँचाने के लिए जाना जाता है।
यह डिजिटल डेस्क स्थानीय मुद्दों से लेकर राष्ट्रीय व अंतरराष्ट्रीय घटनाओं तक, राजनीति, शिक्षा, स्वास्थ्य, खेल, मनोरंजन और सामाजिक सरोकार से जुड़ी हर ख़बर पर पैनी नज़र रखता है।
विश्वसनीय स्रोतों और जमीनी रिपोर्टिंग के दम पर, India News Viral – Bihar Jharkhand का उद्देश्य पाठकों को निष्पक्ष, त्वरित और तथ्यात्मक समाचार उपलब्ध कराना है।
