सरायकेला/ Rasbihari Mandal जिले के नवनियुक्त सहायक आचार्यों के एक प्रतिनिधिमंडल ने सोमवार शाम जिला शिक्षा अधीक्षक कैलाश मिश्रा से मुलाकात कर विभिन्न समस्याओं के समाधान की मांग की. प्रतिनिधिमंडल ने शैक्षणिक प्रमाण पत्रों की जांच, जीपीएफ अकाउंट खोलने, सर्विस बुक तैयार करने और वेतन भुगतान की प्रक्रिया जल्द पूरी कराने को लेकर ज्ञापन सौंपा.


वरिष्ठ शिक्षक तरुण कुमार सिंह के नेतृत्व में पहुंचे प्रतिनिधिमंडल ने जिला शिक्षा अधीक्षक से यह भी जानकारी मांगी कि बाद में काउंसिलिंग में शामिल हुए अभ्यर्थियों को नियुक्ति पत्र कब तक प्रदान किया जाएगा.
इस पर जिला शिक्षा अधीक्षक कैलाश मिश्रा ने प्रतिनिधिमंडल को आश्वस्त करते हुए कहा कि सभी प्रक्रियाओं को शीघ्र पूरा करने के लिए विभागीय स्तर पर तेजी से काम किया जा रहा है. उन्होंने बताया कि मई माह के अंत तक नवनियुक्त सहायक आचार्यों को वेतन भुगतान कराने का प्रयास किया जा रहा है और इसके लिए युद्ध स्तर पर कार्य जारी है.
उन्होंने यह भी कहा कि काउंसिलिंग करा चुके प्रतीक्षारत सहायक आचार्यों के नियुक्ति पत्र वितरण का मामला राज्य सरकार से जुड़ा हुआ है. राज्य सरकार से निर्देश मिलते ही उन्हें नियुक्ति पत्र प्रदान कर दिया जाएगा.
प्रतिनिधिमंडल में सहायक आचार्य कुणाल दास, परमेश्वर महतो, कमलेश कुमार विनय, रजनीकांत महतो और श्यामा प्रसाद मांझी सहित अन्य शिक्षक शामिल थे.

