सरायकेला: उपायुक्त नितिश कुमार सिंह की अध्यक्षता में गुरुवार को NCORD समिति की महत्वपूर्ण बैठक आयोजित की गई. बैठक में पुलिस अधीक्षक मुकेश कुमार लुणायत उप विकास आयुक्त रीना हसदा, अपर उपायुक्त जयवर्धन कुमार सहित विभिन्न विभागों के वरीय पदाधिकारी उपस्थित रहे.

नशा मुक्त समाज की दिशा में प्रशासनिक प्रतिबद्धता जरूरी: उपायुक्त
उपायुक्त ने कहा कि नशे के विरुद्ध जन- जागरूकता, सक्रिय रणनीति और कड़ी कार्रवाई, तीनों स्तरों पर ठोस पहल अनिवार्य है. उन्होंने जिले के कुछ क्षेत्रों में अवैध अफीम की खेती एवं नशा कारोबार पर गंभीर चिंता व्यक्त करते हुए संबंधित पदाधिकारियों को संगठित रणनीति और समयबद्ध कार्रवाई सुनिश्चित करने के निर्देश दिए.
उपायुक्त ने अवैध अफीम की खेती वाले क्षेत्रों की सटीक पहचान कर तत्काल एकीकृत कार्य योजना बनाने, संलिप्त किसानों को वैकल्पिक कृषि के लिए बीज, उपकरण व सहायता उपलब्ध कराते हुए उन्हें बरसा हरित ग्राम योजना, पशुपालन, केसीसी जैसी योजनाओं से जोड़ने, युवाओं को लक्षित कर विद्यालयों व महाविद्यालयों में विशेष कार्यक्रम आयोजित किए जाने, ताकि वे नशा से दूर स्वस्थ जीवन अपना सकें पर बल दिया.
वहीं पुलिस अधीक्षक मुकेश कुमार लुणायत ने कहा कि आदित्यपुर, गम्हरिया एवं कपाली क्षेत्रों में अफीम की खरीद- बिक्री और सेवन से जुड़ी लगातार सूचनाएं मिल रही हैं. इसपर प्रभावी अंकुश लगाने हेतु सूचना तंत्र को मजबूत कर संलिप्त व्यक्तियों पर कठोर कानूनी कार्रवाई की जाएगी.

