सरायकेला/ Pramod Singh नगर पंचायत चुनाव को लेकर क्षेत्र में राजनीतिक हलचल तेज हो गई है. अध्यक्ष पद के प्रत्याशी सुमित कुमार चौधरी के जनसंपर्क अभियान में इन दिनों भारी भीड़ उमड़ रही है. शनिवार को भी विभिन्न वार्डों और मोहल्लों में उनका डोर-टू-डोर अभियान जारी रहा, जहां स्थानीय लोगों ने गर्मजोशी से स्वागत किया.

सुमित कुमार चौधरी घर-घर पहुंचकर मतदाताओं से सीधे संवाद कर रहे हैं और अपने विजन तथा विकास योजनाओं की जानकारी दे रहे हैं. अभियान के दौरान युवाओं और महिलाओं की सक्रिय भागीदारी खास तौर पर देखने को मिल रही है. पूरे नगर क्षेत्र में चुनावी उत्साह स्पष्ट नजर आ रहा है. भारतीय जनता पार्टी समर्थित उम्मीदवार के रूप में मैदान में उतरे सुमित कुमार चौधरी के समर्थन में पार्टी कार्यकर्ता बूथ स्तर तक संपर्क मजबूत करने में जुटे हैं.
डोर-टू-डोर कैंपेन और मोहल्ला बैठकों के जरिए चुनावी माहौल उनके पक्ष में बनाने की कोशिश तेज कर दी गई है. युवा स्वयंसेवक रैली, पदयात्रा और सोशल मीडिया अभियान में बढ़-चढ़कर हिस्सा ले रहे हैं. समर्थकों का कहना है कि उनकी सरल छवि और स्थानीय जुड़ाव उन्हें अन्य प्रत्याशियों से अलग पहचान देता है.
जनसंपर्क के दौरान सुमित कुमार चौधरी ने कहा कि यह चुनाव किसी एक व्यक्ति का नहीं, बल्कि पूरे नगर क्षेत्र के विकास का चुनाव है. उन्होंने भरोसा दिलाया कि जीत मिलने पर साफ-सफाई, सड़क, नाली, पेयजल और अन्य बुनियादी सुविधाओं को प्राथमिकता दी जाएगी. उन्होंने स्वयं को नेता नहीं, बल्कि क्षेत्र का बेटा बताते हुए सेवा के संकल्प को दोहराया.
लगातार बढ़ती भीड़ और मिल रहे समर्थन से उनका चुनावी अभियान मजबूत होता दिख रहा है. आने वाले दिनों में जनसंपर्क को और तेज करने की तैयारी की जा रही है, ताकि अधिक से अधिक मतदाताओं तक सीधा संवाद स्थापित किया जा सके.

