सरायकेला/ Pramod Singh झामुमो व्यवसायी मोर्चा के जिला अध्यक्ष हरिहर लोहार ने नगर पंचायत सरायकेला के अध्यक्ष पद के लिए चुनावी तैयारी शुरू कर दी है. नगरवासियों के समर्थन और आग्रह के बाद उन्होंने चुनावी मैदान में उतरने का संकेत दिया है. झामुमो जिला समिति की ओर से हरि लोहार के नाम की घोषणा नगर पंचायत सरायकेला अध्यक्ष पद के उम्मीदवार के रूप में की जा चुकी है.

बुधवार को अपने कार्यालय में पत्रकारों से बातचीत करते हुए हरिहर लोहार ने कहा कि यदि वर्ष 2025 के मतदाता सूची पुनरीक्षण कार्यक्रम के तहत नगर पंचायत चुनाव होता है तो वे अध्यक्ष पद के लिए नामांकन करेंगे. वहीं यदि वर्ष 2024 के मतदाता सूची के आधार पर चुनाव कराया जाता है तो पार्टी के निर्णय का सम्मान करेंगे और पार्टी द्वारा घोषित उम्मीदवार के पक्ष में चुनावी कार्य करेंगे.
हरि लोहार ने कहा कि वे पिछले दस वर्षों से अधिक समय से समाजसेवा के क्षेत्र में सक्रिय हैं और नगर पंचायत व ग्राम पंचायत क्षेत्र के लोगों की लगातार सेवा करते आ रहे हैं. उन्होंने स्पष्ट किया कि वे चुनाव लड़ें या नहीं, नगरवासियों की सेवा निस्वार्थ भाव से हमेशा करते रहेंगे.
उन्होंने कहा कि नगरवासियों के आग्रह पर ही वे अध्यक्ष पद का चुनाव लड़ना चाहते हैं और जनता के विश्वास को कभी तोड़ना नहीं चाहते. फिलहाल राज्य निर्वाचन आयोग की अधिसूचना को लेकर वे वेट एंड वाच की स्थिति में हैं और अधिसूचना जारी होते ही अपना रुख स्पष्ट करेंगे.

