सरायकेला/ Pramod Singh

नगर निकाय चुनाव 2026 को लेकर गुरुवार से नामांकन पत्रों की बिक्री शुरू हो गई है. जिले के तीन निकाय आदित्यपुर नगर निगम, सरायकेला नगर पंचायत और कपाली नगर परिषद में चुनाव होना है. पहले दिन किसी भी प्रत्याशी ने नामांकन दाखिल नहीं किया.
सरायकेला नगर पंचायत में अध्यक्ष पद के लिए तीन लोगों ने नामांकन पत्र खरीदे हैं. इनमें पूर्व उपाध्यक्ष मनोज चौधरी, सानद आचार्य और सेवानिवृत्त शिक्षक प्रदीप कुमार आचार्य शामिल हैं. इसके अलावा विभिन्न वार्डों के लिए भी कई अभ्यर्थियों ने नामांकन पत्र खरीदे हैं.
आदित्यपुर नगर निगम के लिए दो लोगों ने नामांकन पत्र खरीदे हैं. इनमें भाजपा नेता बास्को बेसरा और रविंद्र बास्के शामिल हैं. नामांकन प्रक्रिया को लेकर जिला प्रशासन की ओर से अलग- अलग कार्यालयों में नामांकन कक्ष बनाए गए हैं. सरायकेला नगर पंचायत अध्यक्ष पद के लिए डीआरडीए कार्यालय में नामांकन कक्ष बनाया गया है. आदित्यपुर नगर निगम के मेयर पद के लिए एडीसी कार्यालय को नामांकन कक्ष निर्धारित किया गया है.
सरायकेला नगर पंचायत के पार्षद पद के लिए ब्लॉक कार्यालय में नामांकन की व्यवस्था की गई है. वहीं आदित्यपुर में डीएसओ कार्यालय, अनुमंडल कार्यालय स्थित एलआरडीसी कार्यालय तथा कार्यपालक दंडाधिकारी कार्यालय में नामांकन पत्र स्वीकार किए जा रहे हैं.
नामांकन को लेकर जिला प्रशासन द्वारा सुरक्षा के पुख्ता इंतजाम किए गए हैं. नामांकन स्थलों पर बांस से बैरिकेडिंग की गई है, ताकि प्रत्याशी चुनाव आयोग की गाइडलाइन के अनुरूप ही नामांकन कक्ष तक पहुंच सकें. मुख्य गेट पर दंडाधिकारी के साथ पुलिस बल की प्रतिनियुक्ति की गई है.
सरायकेला नगर पंचायत में नामांकन पत्र बिक्री की स्थिति
वार्ड एक: दो, वार्ड तीन: एक, वार्ड आठ: दो, वार्ड नौ: तीन, वार्ड ग्यारह: एक. इस प्रकार सरायकेला नगर पंचायत क्षेत्र में कुल 9 लोगों ने विभिन्न वार्डों के लिए नामांकन पत्र खरीदे हैं.

