सरायकेला/ Pramod Singh झारखंड नगर निकाय चुनाव 2026 के तहत सरायकेला जिले के तीनों शहरी निकायों में 23 फरवरी को मतदान कराया जाएगा. जिले में कुल 1,84,417 मतदाता अपने मताधिकार का प्रयोग करेंगे. इनमें 92,756 पुरुष, 91,659 महिला और 2 थर्ड जेंडर मतदाता शामिल हैं. मतगणना 27 फरवरी को होगीरूप से संपन्न होगी.

जिला निर्वाचन पदाधिकारी सह उपायुक्त नितीश कुमार सिंह ने प्रेस वार्ता में बताया कि आदित्यपुर नगर निगम, सरायकेला नगर पंचायत और कपाली नगर परिषद में चुनाव की तैयारी पूरी कर ली गई है. आदित्यपुर नगर निगम में कुल 1,39,889 मतदाता हैं, जिनमें 70,837 पुरुष, 69,051 महिला और 1 थर्ड जेंडर मतदाता शामिल हैं. सरायकेला नगर पंचायत में 10,762 मतदाता हैं, जिनमें 5,410 पुरुष और 5,352 महिला मतदाता शामिल हैं. कपाली नगर परिषद में कुल 33,766 मतदाता हैं, जिनमें 16,509 पुरुष, 17,256 महिला और 1 थर्ड जेंडर मतदाता शामिल हैं.
नामांकन की प्रक्रिया 29 जनवरी से 4 फरवरी 2026 तक चलेगी. 5 फरवरी को स्क्रूटनी होगी और 7 फरवरी को चुनाव चिन्ह आवंटित किए जाएंगे. नामांकन प्रपत्र आदित्यपुर नगर निगम के लिए अपर उपायुक्त कार्यालय, सरायकेला नगर पंचायत के लिए डीआरडीए कार्यालय तथा कपाली नगर परिषद के लिए अनुमंडल पदाधिकारी चांडिल कार्यालय से प्राप्त किए जा सकते हैं. मेयर पद के उम्मीदवारों के लिए नामांकन शुल्क 5,000 रुपए तथा पार्षद पद के लिए 1,000 रुपए निर्धारित किया गया है.
गौरतलब है कि झारखंड राज्य निर्वाचन आयोग ने राज्य के 48 नगर निकायों में 23 फरवरी 2026 को एक ही चरण में मतदान कराने की घोषणा की है. 27 फरवरी को मतगणना कर परिणाम घोषित किए जाएंगे. राज्यभर में कुल 43,23,574 मतदाता मतदान करेंगे, जिनमें 22,07,203 पुरुष और 21,26,227 महिला मतदाता शामिल हैं. इस चुनाव में 9 नगर निगम, 20 नगर परिषद और 19 नगर पंचायत शामिल हैं. राज्य में 4,000 से अधिक मतदान केंद्र बनाए जाएंगे. चुनाव की घोषणा के साथ ही सभी निकाय क्षेत्रों में आदर्श आचार संहिता लागू हो गई है. मतदान सुबह 7 बजे से शाम 5 बजे तक बैलेट पेपर के माध्यम से कराया जाएगा और NOTA का विकल्प उपलब्ध नहीं रहेगा.

