सरायकेला/ Pramod Singh जिले में नगर निकाय चुनाव को लेकर जिला प्रशासन ने तैयारियों में तेजी ला दी है. अब सभी की निगाहें वार्ड से लेकर अध्यक्ष पद के आरक्षण पर टिकी हुई हैं. आरक्षण सूची का अंतिम निर्धारण जिला स्तर पर जांच के बाद राज्य निर्वाचन आयोग की स्वीकृति से ही तय होगा. राज्य में नगर निकाय चुनाव की प्रक्रिया अब अंतिम चरण में पहुंच चुकी है.

इसी क्रम में सरायकेला- खरसावां जिला उपायुक्त नितीश कुमार सिंह द्वारा जिले के तीनों नगर निकाय क्षेत्रों के लिए मतदान केंद्रों का निर्धारण कर इसकी जानकारी राज्य निर्वाचन आयोग को भेज दी गई है. साथ ही सभी नगर निकाय क्षेत्रों में मतदान केंद्रों के अंतिम प्रकाशन को लेकर संबंधित प्रखंड विकास पदाधिकारी, कार्यपालक पदाधिकारी, अनुमंडल पदाधिकारी एवं नगर आयुक्त को आवश्यक निर्देश दिए गए हैं.
नगर निकाय चुनाव को लेकर जिले में कुल मतदान केंद्रों का निर्धारण किया गया है. आदित्यपुर नगर निगम अंतर्गत 35 वार्डों के लिए कुल 136 मतदान केंद्र, कपाली नगर परिषद के 21 वार्डों के लिए 31 मतदान केंद्र एवं सरायकेला नगर पंचायत के 11 वार्डों के लिए 13 मतदान केंद्र निर्धारित किए गए हैं. इन सभी मतदान केंद्रों पर संबंधित वार्डों के मतदाता अपने मताधिकार का प्रयोग करेंगे.
वहीं अध्यक्ष पद के आरक्षण की रूपरेखा सीधे राज्य निर्वाचन आयोग द्वारा तैयार की जाएगी. ऐसे में आरक्षण सूची के पुख्ता और अंतिम रूप लेने में अभी 10 दिनों से अधिक का समय लगने की संभावना जताई जा रही है. अंतिम पड़ताल के बाद आरक्षण सूची को मंजूरी दी जाएगी और फिर आयोग के दिशा- निर्देश के अनुसार गजट अधिसूचना प्रकाशित की जाएगी.
जिला प्रशासन के अनुसार नगर निकाय चुनाव को सुचारू रूप से संपन्न कराने के लिए विभिन्न कोषांगों के गठन की प्रक्रिया भी शुरू कर दी गई है. प्रशासनिक सूत्रों का मानना है कि 20 दिसंबर के बाद चुनाव की संपूर्ण तैयारी अंतिम चरण में पहुंच जाएगी.

