सरायकेला: आगामी दशहरा और दुर्गा पूजा पर्व को देखते हुए शुक्रवार को पुलिस केंद्र दुगनी में सुरक्षा तैयारियों की समीक्षा के लिए मॉक ड्रिल आयोजित किया गया. पुलिस अधीक्षक मुकेश कुमार लुणायत ने खुद मौके पर मौजूद रहकर जिला बल, जैप और रैप कंपनी की तैनाती तथा सुरक्षा व्यवस्थाओं का जायजा लिया.

मॉक ड्रिल के दौरान भीड़ नियंत्रण, आपातकालीन प्रतिक्रिया, दंगा नियंत्रण, फायर फाइटिंग और यातायात प्रबंधन जैसी स्थितियों का सिमुलेशन किया गया. पुलिस अधीक्षक ने कहा कि त्योहारों के दौरान जिले में लाखों श्रद्धालु विभिन्न पूजा पंडालों और बाजारों में आते हैं. ऐसे में किसी भी आपात स्थिति में उपद्रवियों और असामाजिक तत्वों से निपटने के लिए बल की तत्परता आवश्यक है.

उन्होंने सभी अधिकारी और जवानों को सुरक्षा एवं विधि व्यवस्था को चाक-चौबंद रखने के निर्देश दिए. मॉक ड्रिल के दौरान सुरक्षा घेरा, चेकिंग प्वाइंट, बैरिकेडिंग, भीड़ प्रबंधन, सीसीटीवी निगरानी, पार्किंग प्रबंधन और आपदा प्रतिक्रिया दल की व्यवस्था का भी परीक्षण किया गया.

पुलिस अधीक्षक ने बताया कि पूजा पंडालों के आसपास संवेदनशील और अतिसंवेदनशील क्षेत्रों को चिन्हित कर अतिरिक्त पुलिस बल की तैनाती की जाएगी. उन्होंने कहा कि यातायात व्यवस्था को सुचारू बनाए रखने के लिए विशेष योजना बनाई जा रही है, जिससे श्रद्धालुओं और आम नागरिकों को किसी प्रकार की असुविधा न हो.

उन्होंने अधिकारियों को निर्देश दिया कि हर थाना क्षेत्र में नियमित पेट्रोलिंग, मोबाइल वैन, महिला पुलिस बल की तैनाती और ड्रोन/ सीसीटीवी के माध्यम से निगरानी सुनिश्चित की जाए. पुलिस अधीक्षक ने यह भी कहा कि आकस्मिक परिस्थितियों से निपटने के लिए त्वरित कार्रवाई दल (QRT) को भी तैयार रखा गया है.

अंत में पुलिस अधीक्षक ने कहा कि प्रशासन और पुलिस मिलकर जिले के सभी प्रमुख स्थलों पर त्योहारों के दौरान शांति और सुरक्षा बनाए रखने के लिए पूरी तरह तैयार हैं और किसी भी प्रकार की स्थिति को संभालने के लिए बल प्रशिक्षित एवं तत्पर रहेगा.

