सरायकेला/ Pramod Singh जिले में अवैध खनन के विरुद्ध जिला प्रशासन द्वारा लगातार कार्रवाई जारी है. उपायुक्त के निर्देश पर गुरुवार की शाम करीब 5:30 बजे खनन विभाग और पुलिस की संयुक्त टीम ने बड़ी कार्रवाई करते हुए सरायकेला थाना क्षेत्र के खरकई पुलिया के पास से अवैध बालू लदे एक ट्रैक्टर को जब्त किया है.

मिली जानकारी के अनुसार, जब्त ट्रैक्टर पर नंबर प्लेट नहीं लगी थी. जिला खनन विभाग के इंस्पेक्टर समीर कुमार ने बताया कि उपायुक्त के आदेश पर खनन पदाधिकारी ज्योतिषंकर ज्योतिषी के मार्गदर्शन में यह छापेमारी की गई. उन्होंने बताया कि ट्रैक्टर को अवैध रूप से बालू का खनन कर उसका परिवहन करते हुए पकड़ा गया है.
पुलिस के साथ की गई इस संयुक्त कार्रवाई में सभी कानूनी प्रक्रियाएं पूरी कर ट्रैक्टर को सरायकेला थाना के हवाले कर दिया गया है. खनन इंस्पेक्टर ने यह भी कहा कि अवैध खनन के विरुद्ध छापामारी अभियान आगे भी जारी रहेगा. जिला प्रशासन की यह कार्रवाई अवैध खनन पर नियंत्रण के प्रयासों को मजबूती दे रही है.

