सरायकेला: जिले के ईचागढ़ थाना क्षेत्र में अवैध बालू उत्खनन, परिवहन एवं भंडारण के विरुद्ध शुक्रवार को औचक निरीक्षण अभियान चलाया गया. उपायुक्त के निर्देश पर शुक्रवार की सुबह लगभग चार बजे यह संयुक्त कार्रवाई की गई.

जिला खनन पदाधिकारी ज्योति शंकर सतपथी, पुलिस निरीक्षक चांडिल, खान निरीक्षक समीर ओझा, थाना प्रभारी ईचागढ़ एवं चौका तथा स्थानीय पुलिस बल की टीम ने बीरडीह और जारगोडीह क्षेत्र में अभियान संचालित किया. निरीक्षण के दौरान बालू लदे वाहनों को रोककर परिवहन कागजात, मात्रा एवं अन्य वैधानिक प्रावधानों की गहन जांच की गई. जांच में 11 वाहनों में विभिन्न प्रकार की अनियमितताएं पाई गईं.
*संबंधित वाहन संख्या*
JH05AN- 4391, JH05CM- 0964, JH05CL- 6211, JH05BR- 8908, JH05CG- 8611, JH01BM- 7176, JH02AT- 7414, JH01DB- 5233, JH02AW- 1529, JH10AV- 7901 और JH16A- 9226. हैं.
पाई गई अनियमितताओं के आधार पर इन सभी वाहनों को खनन विभाग की आधिकारिक JIMMS पोर्टल पर लॉक किया जा रहा है. जब तक संबंधित वाहन स्वामी खनन कार्यालय में नियमानुसार जुर्माना राशि जमा नहीं करेंगे, तब तक इन वाहनों के विरुद्ध कोई भी परिवहन चालान निर्गत नहीं किया जाएगा.
जांच के दौरान खनिजों का तिरपाल से बिना ढके परिवहन, वाहन की रजिस्ट्रेशन संख्या को मिटाना या छुपाना जैसी गंभीर अनियमितताएं सामने आईं. इस संबंध में जिला परिवहन पदाधिकारी को भी पत्राचार किया जा रहा है ताकि परिवहन अधिनियम के तहत आवश्यक कार्रवाई सुनिश्चित की जा सके.
उपायुक्त ने स्पष्ट किया है कि जिले में अवैध खनन, भंडारण या परिवहन को किसी भी परिस्थिति में बर्दाश्त नहीं किया जाएगा. ऐसी गतिविधियों के विरुद्ध सख्त और निरंतर कार्रवाई जारी रहेगी.

