सरायकेला/ Pramod Singh अवैध बालू परिवहन के खिलाफ जिला प्रशासन ने सख्त रुख अपनाया है. उपायुक्त नितिश कुमार सिंह के निर्देश पर मंगलवार देर रात जिला खनन विभाग की टीम ने चांडिल थाना पुलिस के सहयोग से औचक निरीक्षण अभियान चलाया.

इस दौरान टाटा- रांची मुख्य मार्ग पर एक हाइवा वाहन संख्या JH01BT- 8654 को अवैध रूप से बालू ढोते हुए पकड़ा गया. वाहन को मौके पर ही जप्त कर चांडिल थाना को सौंप दिया गया. प्रशासन ने वाहन मालिक और चालक दोनों के खिलाफ प्राथमिकी दर्ज कर विधिक कार्रवाई शुरू कर दी है.

उपायुक्त नितिश कुमार सिंह ने साफ कहा है कि जिले में अवैध खनन और परिवहन के खिलाफ जीरो टॉलरेंस नीति जारी रहेगी. उन्होंने सभी थानों और खनन विभाग को निर्देश दिया है कि संयुक्त टीम बनाकर ऐसे अभियानों को नियमित रूप से चलाया जाए. दोषियों पर किसी भी तरह की रियायत नहीं बरती जाएगी.
जिला खनन पदाधिकारी ज्योति शंकर सतपथी ने बताया कि इस अभियान का मुख्य उद्देश्य अवैध खनन पर रोक लगाना और प्राकृतिक संसाधनों का संरक्षण सुनिश्चित करना है. साथ ही उन्होंने आम जनता से अपील की है कि यदि कहीं अवैध खनन या परिवहन की जानकारी मिले तो तुरंत प्रशासन या निकटतम थाने को सूचित करें. ताकि समय रहते कार्रवाई की जा सके.

