सरायकेला/ Pramod Singh नगरपालिका आम निर्वाचन- 2026 के स्वतंत्र, निष्पक्ष, शांतिपूर्ण और पारदर्शी संचालन को सुनिश्चित करने के उद्देश्य से नगर भवन सभागार में माइक्रो ऑब्जर्वरों के लिए एक दिवसीय प्रशिक्षण कार्यक्रम आयोजित किया गया.


प्रशिक्षण सत्र में माइक्रो ऑब्जर्वरों को मतदान प्रक्रिया से संबंधित अधिनियम, नियम, राज्य निर्वाचन आयोग के दिशा- निर्देश और निर्धारित प्रक्रियाओं की विस्तार से जानकारी दी गई. स्पष्ट किया गया कि माइक्रो ऑब्जर्वर केवल सामान्य पर्यवेक्षक को ही अपनी रिपोर्ट देंगे और किसी अन्य निर्वाचन पदाधिकारी को प्रतिवेदन नहीं करेंगे.
उन्हें बताया गया कि मतदान प्रक्रिया की सतत निगरानी करना उनका मुख्य दायित्व है, ताकि चुनाव विधिसम्मत और निष्पक्ष तरीके से संपन्न हो सके. किसी भी प्रकार की अनियमितता या आयोगीय निर्देशों के उल्लंघन की स्थिति में तत्काल सामान्य पर्यवेक्षक को सूचित करना अनिवार्य होगा.
माइक्रो ऑब्जर्वरों को निर्देश दिया गया कि वे मतदान प्रारंभ से समाप्ति तक अपने आवंटित केंद्र पर मौजूद रहकर सभी गतिविधियों का अवलोकन करें. मतदान दल की उपस्थिति, मूलभूत सुविधाओं की उपलब्धता, सुरक्षा व्यवस्था, मतपेटी की सीलिंग प्रक्रिया, मतदाताओं की पहचान सत्यापन, बाईं तर्जनी पर अमिट स्याही का प्रयोग और मतदान की गोपनीयता बनाए रखने जैसे बिंदुओं पर विशेष जोर दिया गया.
इसके अलावा यह भी सुनिश्चित करने को कहा गया कि मतदान केंद्र में एक ही उम्मीदवार के एक से अधिक अभिकर्ता उपस्थित न हों, प्रवेश पास प्रणाली का पालन हो, सेक्टर अधिकारी भ्रमण करें और पर्याप्त सुरक्षा बल तैनात रहे.
प्रशिक्षण सत्र मास्टर ट्रेनर तरुण कुमार सिंह और प्रभाशंकर तिवारी द्वारा संचालित किया गया. इस अवसर पर प्रशिक्षण कोषांग के आलोक कुमार, मनोज सिंह, प्रदीप प्रमाणिक, अशोक कुमार और मुकेश सिंह सहित अन्य पदाधिकारी मौजूद रहे.

