सरायकेला/ Pramod Singh श्री श्री सनातनी दुर्गा पूजा समिति गेस्ट हाउस सरायकेला के तत्वावधान में बीते वर्ष से शुरू किया गया मां दुर्गा का शारदीय नवरात्र पूजन उत्सव इस वर्ष भी पूरी भव्यता और श्रद्धा के साथ आयोजित किया जाएगा. इसी सिलसिले में गेस्ट हाउस स्थित बाबा भोलेनाथ महादेव मंदिर के सभा कक्ष में समिति की एक महत्वपूर्ण बैठक आयोजित की गई. बैठक की अध्यक्षता नवीन कुमार ने की.

बैठक में सर्वसम्मति से निर्णय लिया गया कि पिछले वर्ष की तरह इस बार भी सभी धार्मिक अनुष्ठानों और सनातनी परंपराओं का पालन करते हुए पूजन उत्सव का आयोजन किया जाएगा. कार्यक्रम में भजन- कीर्तन, सप्तशती चंडी पाठ, श्रृंगार, हवन- यज्ञ और प्रसाद वितरण जैसे धार्मिक आयोजन शामिल होंगे. बताया गया कि माता के भक्तों के सहयोग और सहभागिता से उत्सव को सफल बनाया जाएगा और श्रद्धालुओं के सुलभ दर्शन की समुचित व्यवस्था की जाएगी. बैठक में समिति के प्रशांत कुमार घोषाल, मनोज कुमार प्रधान, कैलाश पोद्दार, जय प्रकाश पाठक, अजय प्रसाद, विकास कुमार, अवध किशोर सिंह, विनोद प्रसाद एवं दयानंद प्रसाद सिंह मौजूद रहे. समिति के सदस्य मां दुर्गा के पूजन और आराधना के लिए पूरी तरह तैयार हैं और इस वर्ष भी पूरे उत्साह के साथ दुर्गा पूजा का आयोजन करेंगे.

