सरायकेला: जिला मारवाड़ी सम्मेलन द्वारा स्थानीय वृद्धाश्रम में श्री अग्रसेन जयंती धूमधाम से मनाई गई. इस अवसर पर महाराजा अग्रसेन के तैलचित्र पर दीप प्रज्वलित कर और माल्यार्पण कर श्रद्धांजलि अर्पित की गई. इसके बाद वृद्धजनों के बीच फल, मिठाई, बिस्कुट और शीतल पेय वितरित किए गए.

जिला मारवाड़ी सम्मेलन के अध्यक्ष सह नगर पंचायत के पूर्व उपाध्यक्ष मनोज कुमार चौधरी ने कहा कि महाराजा अग्रसेन अहिंसा के पुजारी एवं समाजवाद के प्रणेता थे. उन्होंने वैदिक धर्म और संस्कृति के आदर्शों का पालन करते हुए नैतिक मूल्यों की पुनः स्थापना की. महाराजा अग्रसेन ने सभी वर्गों के लिए समान अवसर और सामाजिक समरसता की नींव रखी. उनका जीवन मेहनत, नैतिकता और समाज सेवा का प्रतीक रहा.
जिला उपाध्यक्ष सह चैंबर ऑफ कॉमर्स के अध्यक्ष प्रेमचंद अग्रवाल ने कहा कि महाराजा अग्रसेन ने आत्मनिर्भर राज्य की नींव रखी थी. ‘एक ईंट, एक रुपया’ की नीति उनके समाजवादी दृष्टिकोण का उदाहरण थी, जिससे समाज में नए आने वालों को स्थापित होने में मदद मिलती थी. यह एक प्राचीन आत्मनिर्भरता और सामाजिक सुरक्षा का मॉडल था, जो आज भी प्रासंगिक है.
मौके पर जिला मारवाड़ी सम्मेलन के सदस्य सह राष्ट्रीय स्वयंसेवक संघ के जिला संघ संचालक सत्यनारायण अग्रवाल, वरिष्ठ सदस्य राजकुमार अग्रवाल, जिला उपाध्यक्ष अरुण सेक्सरिया, सरायकेला शाखा अध्यक्ष विष्णु अग्रवाल, मीडिया प्रभारी दिनेश अग्रवाल समेत बड़ी संख्या में सम्मेलन के सदस्य, वृद्धा आश्रम के स्टाफ एवं वृद्धजन मौजूद थे.


भारत के प्रमुख डिजिटल न्यूज़ प्लेटफॉर्म्स में से एक, India News Viral बिहार और झारखंड क्षेत्र की हर छोटी-बड़ी ख़बरों को सबसे तेज़ और सटीक रूप में पाठकों तक पहुँचाने के लिए जाना जाता है।
यह डिजिटल डेस्क स्थानीय मुद्दों से लेकर राष्ट्रीय व अंतरराष्ट्रीय घटनाओं तक, राजनीति, शिक्षा, स्वास्थ्य, खेल, मनोरंजन और सामाजिक सरोकार से जुड़ी हर ख़बर पर पैनी नज़र रखता है।
विश्वसनीय स्रोतों और जमीनी रिपोर्टिंग के दम पर, India News Viral – Bihar Jharkhand का उद्देश्य पाठकों को निष्पक्ष, त्वरित और तथ्यात्मक समाचार उपलब्ध कराना है।
