सरायकेला/ Pramod Singh नगर पंचायत अध्यक्ष पद के प्रत्याशी मनोज कुमार चौधरी ने सोमवार को दीवान शाही, कंसारी टोला और नोरोडी क्षेत्र में तूफानी जनसंपर्क अभियान चलाया. इस दौरान उन्हें स्थानीय लोगों का भारी समर्थन मिलने का दावा किया गया.

जनसंपर्क अभियान के दौरान समर्थकों ने “सुनो सरायकेला, चुनो काम वाला.” के नारे के साथ घर- घर जाकर लोगों से समर्थन और वोट की अपील की. पूरे अभियान में उत्साह और ऊर्जा का माहौल देखने को मिला.
मनोज चौधरी के साथ दर्जनों कार्यकर्ता हाथों में झंडा और तख्ती लेकर चल रहे थे. जगह- जगह लोगों ने उनका स्वागत किया और क्षेत्र की समस्याओं को लेकर चर्चा भी की. नोरोडी पहुंचने पर उनका ढोल- नगाड़ों के साथ स्वागत किया गया. समर्थकों ने फूल- मालाओं से अभिनंदन कर अपना समर्थन जताया.
मनोज कुमार चौधरी ने कहा कि “सुनो सरायकेला, चुनो काम वाला.” केवल चुनावी नारा नहीं, बल्कि क्षेत्र की जनता की आवाज है. उन्होंने कहा कि उनका लक्ष्य सरायकेला में विकास को गति देना और मूलभूत सुविधाओं को मजबूत करना है.

