सरायकेला/ Pramod Singh नगर पंचायत चुनाव को लेकर सियासी तापमान लगातार बढ़ता जा रहा है. शुक्रवार देर शाम अध्यक्ष पद के प्रत्याशी मनोज कुमार चौधरी ने पूरे शहरी क्षेत्र में भव्य टॉर्च रैली निकालकर चुनावी माहौल को और गरमा दिया. भारी संख्या में समर्थकों की मौजूदगी ने रैली को शक्ति प्रदर्शन में बदल दिया.

रैली की शुरुआत शहर के प्रमुख चौक से हुई और विभिन्न वार्डों से गुजरते हुए देर रात तक जारी रही. समर्थक हाथों में टॉर्च लिए “मनोज चौधरी जिंदाबाद” और “टॉर्च पर मोहर लगाना है” जैसे नारों से वातावरण को गुंजायमान करते रहे. शहर की सड़कों पर उत्साह और जोश का माहौल साफ दिखाई दिया.

रैली के दौरान कई स्थानों पर स्थानीय लोगों ने मनोज कुमार चौधरी का फूल- मालाओं से स्वागत किया और समर्थन का आश्वासन दिया. बड़ी संख्या में युवा, महिलाएं और व्यापारी वर्ग की भागीदारी ने उनकी दावेदारी को मजबूत संकेत दिया.
इस अवसर पर मनोज कुमार चौधरी ने कहा कि टॉर्च केवल चुनाव चिह्न नहीं, बल्कि सरायकेला के उज्ज्वल भविष्य का प्रतीक है. उन्होंने कहा कि यह टॉर्च शहर में विकास और पारदर्शिता का उजाला लेकर आएगी. “नाम वाला नहीं, काम वाला संभालेगा शहर” का संदेश देते हुए उन्होंने विकास, जवाबदेही और जनसुविधाओं को अपनी प्राथमिकता बताया.
उन्होंने कहा कि नगर पंचायत क्षेत्र में मूलभूत सुविधाओं का सुदृढ़ीकरण, स्वच्छता व्यवस्था में सुधार, जलापूर्ति की समस्या का समाधान, सड़क मरम्मत और व्यापारियों की समस्याओं का त्वरित निस्तारण उनके प्रमुख एजेंडे में शामिल है. उन्होंने मतदाताओं से अपील की कि वे विकास के लिए टॉर्च चुनाव चिन्ह पर अपना समर्थन दें.
रैली में झारखंड मुक्ति मोर्चा के जिला उपाध्यक्ष भोला मोहंती, नगर अध्यक्ष शंभू आचार्य और उमेश भोल समेत बड़ी संख्या में पार्टी कार्यकर्ता मौजूद रहे. पार्टी पदाधिकारियों ने भी मनोज चौधरी की उम्मीदवारी को मजबूत बताते हुए जनता से समर्थन की अपील की. पूरे शहरी क्षेत्र में निकली इस टॉर्च रैली ने संकेत दे दिया है कि नगर पंचायत चुनाव में मुकाबला दिलचस्प होने वाला है. आने वाले दिनों में चुनावी प्रचार और तेज होने की संभावना है. फिलहाल इस रैली ने शहर की सियासत में नई हलचल पैदा कर दी है.

