सरायकेला/ Pramod Singh आगामी निकाय चुनाव को लेकर नगर क्षेत्र में सियासी माहौल गरमा गया है. झामुमो समर्थित प्रत्याशी मनोज चौधरी ने गुरुवार को अपने जनसंपर्क अभियान की औपचारिक शुरुआत करते हुए शक्ति प्रदर्शन के साथ चुनावी मैदान में मजबूत उपस्थिति दर्ज कराई. पहले ही दिन बड़ी संख्या में समर्थकों की भागीदारी ने पूरे इलाके को चुनावी रंग में रंग दिया.

अभियान की सबसे बड़ी पहचान बनी ‘सफेद टी-शर्ट ब्रिगेड’. मनोज चौधरी द्वारा उपलब्ध कराई गई विशेष सफेद टी- शर्ट पहनकर सैकड़ों कार्यकर्ता एकजुट होकर सड़कों पर उतरे. गली- गली और घर- घर पहुंचकर डोर- टू- डोर संपर्क किया गया. एक जैसे पहनावे में दिखी अनुशासित भीड़ ने संगठित शक्ति का संदेश दिया और पूरे क्षेत्र में इसकी चर्चा तेज हो गई.

मनोज चौधरी ने अभियान की शुरुआत स्थानीय मंदिरों में पूजा- अर्चना के साथ की. इसके बाद विभिन्न वार्डों और मोहल्लों में लोगों से मुलाकात कर उनकी समस्याएं सुनीं और विकास, बुनियादी सुविधाओं तथा जनभागीदारी को प्राथमिकता देने का भरोसा दिलाया.
प्रचार के दौरान टार्च निशान वाले झंडे, बैनर और पोस्टर के साथ कार्यकर्ता नारे लगाते आगे बढ़ते रहे. कई स्थानों पर स्थानीय लोगों ने फूलमालाओं और पुष्पवर्षा से स्वागत कर समर्थन का संकेत दिया. युवाओं और महिलाओं की सक्रिय भागीदारी ने अभियान में खास ऊर्जा भर दी.
मनोज चौधरी ने कहा कि यह चुनाव क्षेत्र के सम्मान, विकास और अधिकार की लड़ाई है. उन्होंने दावा किया कि जनता मजबूत और जवाबदेह नेतृत्व चाहती है. अभियान में जिला अध्यक्ष डॉ. शुभेंदु महतो, केंद्रीय सदस्य सुधीर महतो, जिला उपाध्यक्ष भोला मोहंती और नगर अध्यक्ष शंभू आचार्य सहित सैकड़ों कार्यकर्ता शामिल रहे.

