सरायकेला/ Pramod Singh जिला मुख्यालय समेत महालिमोरूप, सीनी, कोलाबीरा और आसपास के क्षेत्रों में महाशिवरात्रि के पावन अवसर पर रविवार अहले सुबह से ही शिवालयों में श्रद्धालुओं की भीड़ उमड़ पड़ी. मंदिरों में जलाभिषेक और रुद्राभिषेक के साथ भगवान भोलेनाथ की विधिवत पूजा-अर्चना की जा रही है. सुबह से ही ॐ नमः शिवाय और हर हर महादेव के जयकारों से पूरा क्षेत्र गुंजायमान है.

भगवान शिव के दर्शन के लिए श्रद्धालुओं की लंबी कतारें तड़के ही लगनी शुरू हो गई थीं. कुदरसाई स्थित बाबा बुद्धेश्वर शिव मंदिर, पंचमुखी शिव मंदिर सहित विभिन्न शिवालयों में भक्तों को पूजा के लिए लंबा इंतजार करना पड़ रहा है.
शिवालयों में भव्य शिव श्रृंगार, विशेष आरती और भजन- कीर्तन का आयोजन किया जा रहा है. शाम के समय कई मंदिरों में शिव- पार्वती विवाह उत्सव भी आयोजित किया जाएगा. कुदरसाही स्थित बाबा बुद्धेश्वर शिव मंदिर, इंद्रटांडी स्थित बाबा बामदेव शिव मंदिर, माजना घाट स्थित पंचमुखी प्राचीन शिव मंदिर, डेली मार्केट स्थित प्राचीन शिवालय, पुराने बस स्टैंड स्थित भैरव बाबा मंदिर, गेस्ट हाउस शिव मंदिर, थाना चौक शिव मंदिर, मानिक बाजार ग्राम स्थित बाबा महाकालेश्वर शिव मंदिर, भुरकुली ग्राम स्थित बाबा विश्वनाथ शिव मंदिर और धातकीडीह शिवालय में विशेष पूजा कार्यक्रम जारी हैं.
मंदिर समितियों की ओर से श्रद्धालुओं की सुविधा के लिए व्यापक इंतजाम किए गए हैं. पेयजल, प्रसाद वितरण और कतार प्रबंधन की अलग व्यवस्था की गई है ताकि भक्तों को किसी प्रकार की असुविधा न हो. पूरा सरायकेला क्षेत्र शिवभक्ति में डूबा नजर आ रहा है.

