सरायकेला: जिला परिषद उपाध्यक्ष मधुश्री महतो ने उपायुक्त एवं एसपी को ज्ञापन सौंपकर चांडिल अनुमंडल के कुकडू और नीमडीह क्षेत्र में हो रहे अवैध बालू खनन, परिवहन और स्टॉक यार्ड संचालन पर गंभीर चिंता जताई है. उन्होंने आरोप लगाया कि बालू माफियाओं की गतिविधियों से राजस्व का नुकसान हो रहा है और ग्रामीणों की सुरक्षा भी खतरे में है.

ज्ञापन में उपाध्यक्ष ने बताया कि हाल ही में सिरूम चौक पर ग्रामीणों द्वारा पकड़े गए ओवरलोड बालू लदे दो हाईवा ट्रक के मामले में अब तक कोई ठोस कार्रवाई नहीं हुई है. उन्होंने कहा कि मामले में संलिप्त माफियाओं को राजनीतिक संरक्षण प्राप्त है, जिसके चलते प्रशासन भी सख्त कदम नहीं उठा रहा. मधुश्री महतो ने यह भी कहा कि उन पर और उनके परिवार पर झूठे मुकदमे दर्ज करने की धमकी दी जा रही है, जिससे उनकी जान को भी खतरा है. उन्होंने उपायुक्त से मांग की कि क्षेत्र में पिछले छह महीनों में हुए अवैध बालू कारोबार की जांच कर दोषियों पर कार्रवाई की जाए. साथ ही सिरूम चौक की घटना, स्टॉक यार्ड की स्थिति और उनके खिलाफ साजिश के मामलों की भी निष्पक्ष जांच कराई जाए. इस दौरान उनके साथ जिला परिषद अध्यक्ष सोनाराम बोदरा भी मौजूद थे.

