सरायकेला: मंगलवार को झारखंड राज्य विधिक सेवा प्राधिकार के निर्देशानुसार जिला विधिक सेवा प्राधिकार सरायकेला- खरसावां की ओर से खरसावां प्रखंड में चलंत लोक अदालत सह विधिक जागरूकता अभियान का शुभारंभ किया गया. खरसावां के बीडीओ और सीओ द्वारा हरी झंडी दिखाकर विधिक जागरूकता वैन को रवाना किया गया, जो रिडिग पंचायत के अंतर्गत ग्राम हुडागदा पहुंची.

कार्यक्रम के दौरान ग्रामीणों को विभिन्न सरकारी योजनाओं की जानकारी दी गई, जिसमें अनाथ बच्चों के लिए स्पॉन्सरशिप, पोस्टर केयर, सड़क दुर्घटना और प्राकृतिक आपदा से मृत्यु होने पर मिलने वाले मुआवजे की जानकारी शामिल रही. इसके साथ ही निःशुल्क कानूनी सहायता प्राप्त करने की प्रक्रिया की जानकारी भी ग्रामीणों को दी गई.
जिला विधिक सेवा प्राधिकार सरायकेला- खरसावां के पैनल अधिवक्ता प्रणव सिंह देव ने घरेलू हिंसा और बाल विवाह जैसे सामाजिक अपराधों के खिलाफ लोगों को जागरूक किया और ऐसी कुरीतियों से दूर रहने की अपील की. उन्होंने किसी भी प्रकार की कानूनी समस्या होने पर पीएलवी से संपर्क करने का आग्रह भी किया.
हालांकि इतना सब होने के बावजूद यह सवाल उठना लाजमी है कि क्या ऐसे कार्यक्रम केवल औपचारिकता निभाने के लिए आयोजित किए जा रहे हैं या वास्तव में इनका कोई ठोस परिणाम भी सामने आ रहा है. ग्राम हुडागदा सहित पूरे खरसावां प्रखंड में आज भी कई परिवार ऐसे हैं जिन्हें सरकारी योजनाओं का वास्तविक लाभ नहीं मिल पा रहा है. गरीब, असहाय, विधवा और अनाथ बच्चों के लिए चलाई जा रही योजनाएं कागज़ों में तो मौजूद हैं, लेकिन ज़मीन पर उनका असर लगभग नगण्य दिखाई देता है.
सरकार और प्रशासन केवल जागरूकता अभियान चलाकर अपनी ज़िम्मेदारी से पल्ला नहीं झाड़ सकते. जब तक पीड़ित, जरूरतमंद और वंचित वर्ग तक सहायता वास्तव में नहीं पहुँचती, तब तक ऐसे अभियान केवल दिखावा और प्रचार का माध्यम बनकर रह जाते हैं. यह ज़रूरी है कि संबंधित विभाग यह सुनिश्चित करें कि आज दी गई जानकारी का लाभ लोगों को वास्तव में मिले और हर पात्र व्यक्ति तक सरकारी सहायता पहुंचे.
इस कार्यक्रम में पैनल अधिवक्ता प्रणव सिंह देव, लक्ष्मी गुंदुवा, आलोक कुमार साहू, डाकेश्वर प्रधान, दिनेश कुंभकार, हरि कुंभकार, मुखिया, सरपंच, आंगनवाड़ी सेविका एवं बड़ी संख्या में ग्रामीण उपस्थित थे. अब देखना यह है कि सरकार और प्रशासन इन चेतावनियों और जरूरतों को गंभीरता से लेकर वास्तव में जमीनी स्तर पर बदलाव करता है या नहीं.

भारत के प्रमुख डिजिटल न्यूज़ प्लेटफॉर्म्स में से एक, India News Viral बिहार और झारखंड क्षेत्र की हर छोटी-बड़ी ख़बरों को सबसे तेज़ और सटीक रूप में पाठकों तक पहुँचाने के लिए जाना जाता है।
यह डिजिटल डेस्क स्थानीय मुद्दों से लेकर राष्ट्रीय व अंतरराष्ट्रीय घटनाओं तक, राजनीति, शिक्षा, स्वास्थ्य, खेल, मनोरंजन और सामाजिक सरोकार से जुड़ी हर ख़बर पर पैनी नज़र रखता है।
विश्वसनीय स्रोतों और जमीनी रिपोर्टिंग के दम पर, India News Viral – Bihar Jharkhand का उद्देश्य पाठकों को निष्पक्ष, त्वरित और तथ्यात्मक समाचार उपलब्ध कराना है।
