चांडिल: सरायकेला- खरसावां पुलिस अधीक्षक मुकेश कुमार लुणायत के निर्देश पर क्षेत्र में सुरक्षा को लेकर बुधवार को चौका थाना पुलिस ने सघन जांच अभियान चलाया. थाना प्रभारी सोनू कुमार के नेतृत्व में यह अभियान मुख्य रूप से क्षेत्र के प्रमुख पिकनिक स्पॉट, होटल और ढाबों पर केंद्रित था. पुलिस टीम ने होटल और ढाबा संचालकों से मादक पदार्थों की बिक्री न करने और कानून का पालन करने को लेकर कड़े निर्देश दिए.

सोनू कुमार ने साफ लहजे में होटल और ढाबा संचालकों को चेतावनी दी कि किसी भी प्रकार के मादक पदार्थ की बिक्री या संदिग्ध गतिविधियों में संलिप्त पाए जाने पर कड़ी कार्रवाई की जाएगी. साथ ही, पिकनिक स्पॉटों में अश्लील गाने चलाने और हुड़दंग करने वाले युवाओं के प्रति भी पुलिस ने सावधान रहने की नसीहत दी.

उन्होंने बताया कि पुलिस समय- समय पर ऐसे क्षेत्रों में गश्त करेगी और किसी भी अव्यवस्था को बर्दाश्त नहीं किया जाएगा.
स्थानीय लोगों ने इस कदम की सराहना की और कहा कि ऐसे अभियान न केवल सुरक्षा बढ़ाते हैं बल्कि समाज में अनुशासन बनाए रखने में भी मदद करते हैं. पुलिस का कहना है कि आने वाले दिनों में भी क्षेत्र में सुरक्षा को और मजबूत करने के लिए नियमित तौर पर अभियान जारी रहेंगे.


