सरायकेला: नगर पंचायत के पूर्व उपाध्यक्ष मनोज कुमार चौधरी ने उपायुक्त सरायकेला- खरसावां को ज्ञापन सौंपकर जमीन और फ्लैट की सर्किल दर एवं स्टांप ड्यूटी में अनियंत्रित वृद्धि का मुद्दा उठाया है.

ज्ञापन में उन्होंने कहा कि सरकार हर दो साल में रजिस्ट्रेशन दरें बढ़ाती है, लेकिन बिना सर्वे के की जा रही यह बढ़ोतरी अब बाजार के वास्तविक मूल्य से भी अधिक हो गई है. शहरी इलाकों में फ्लैट का वास्तविक मूल्य 2700- 2800 रुपये प्रति वर्गफुट है, जबकि नई सर्किल दर 4000 रुपये के करीब होने से रजिस्ट्री शुल्क बहुत अधिक हो गया है. पूर्व उपाध्यक्ष ने कहा कि आम लोग महंगी स्टांप ड्यूटी के चलते रजिस्ट्री नहीं करवा पा रहे और एग्रीमेंट के जरिए विकल्प अपना रहे हैं, जिससे सरकारी राजस्व को भारी नुकसान हो रहा है. उन्होंने मांग की है कि पूर्व की तरह सर्वे कराकर ही जमीन की दरें तय हों ताकि रजिस्ट्री प्रक्रिया आम जनता के लिए सरल हो सके.

