चाण्डिल/ Bikash Thakur अनुमंडल के कुकड़ू प्रखंड के नाजीर तापस सरकार का बुधवार सुबह आकस्मिक निधन हो गया. उनके असामयिक निधन से प्रखंड कार्यालय सहित पूरे क्षेत्र में शोक की लहर दौड़ गई है.

प्राप्त जानकारी के अनुसार तापस सरकार प्रखंडीय कार्य से सरायकेला जाने के लिए निकले थे. इसी क्रम में पातकुम पुलिया के आगे वे बेसुध अवस्था में सड़क किनारे गिरे पड़े मिले. राहगीरों ने मानवता का परिचय देते हुए उन्हें तत्काल पातकुम स्वास्थ्य केंद्र पहुंचाया, जहां चिकित्सकों ने जांच के बाद उन्हें मृत घोषित कर दिया.
घटना की सूचना मिलते ही कुकड़ु प्रखंड विकास पदाधिकारी राजश्री ललिता बाखला स्वास्थ्य केंद्र पहुंचीं. उनके साथ प्रखंड के अन्य अधिकारी एवं कर्मचारी भी मौजूद रहे. इसके बाद आवश्यक कानूनी प्रक्रिया पूरी करते हुए शव को पोस्टमार्टम के लिए सदर अस्पताल सरायकेला भेज दिया गया.
बताया जाता है कि स्वर्गीय तापस सरकार नवंबर 2023 से कुकड़ु प्रखंड में नाजीर के पद पर कार्यरत थे. वे कर्तव्यनिष्ठ, सरल और मिलनसार स्वभाव के लिए जाने जाते थे. उनका सेवानिवृत्ति वर्ष 2027 के अंतिम माह में प्रस्तावित था.
उनके निधन से प्रखंड प्रशासन को अपूरणीय क्षति हुई है.
अधिकारियों, कर्मचारियों और स्थानीय जनप्रतिनिधियों ने गहरा शोक व्यक्त करते हुए दिवंगत आत्मा की शांति तथा शोक संतप्त परिवार को इस दुख की घड़ी में संबल प्रदान करने की प्रार्थना की है.

