चांडिल/ Bikash Thakur अनुमंडल के कुकड़ू प्रखंड अंतर्गत हाट मैदान में बुधवार को प्रखंड स्तरीय स्वास्थ्य मेला का भव्य आयोजन किया गया. कार्यक्रम का उद्घाटन मुख्य अतिथि जिला परिषद उपाध्यक्ष मधुश्री महतो ने फीता काटकर किया. इस मौके पर प्रखंड विकास पदाधिकारी राजश्री ललिता बाखला, कुकड़ू प्रखंड प्रमुख प्रतिमा वाला सिंह पातर और चिकित्सक डॉ. हरेंद्र पासवान विशेष रूप से उपस्थित रहे.

प्रखंड स्तरीय स्वास्थ्य मेले का मुख्य उद्देश्य ग्रामीणों को एक ही स्थान पर स्वास्थ्य जांच, चिकित्सकीय परामर्श और सरकारी स्वास्थ्य योजनाओं से जोड़ना रहा. उद्घाटन के बाद जिला परिषद उपाध्यक्ष मधुश्री महतो ने कहा कि हर वर्ष आयोजित होने वाले प्रखंड स्वास्थ्य मेलों से ग्रामीणों को बड़ी सुविधा मिलती है. उन्होंने कहा कि पंचायत स्तर पर ऐसे आयोजन स्वास्थ्य के प्रति जागरूकता बढ़ाने के साथ गंभीर बीमारियों की पहचान प्रारंभिक अवस्था में करने में सहायक होते हैं. मधुश्री महतो ने यह भी घोषणा की कि अगले माह जिला परिषद की ओर से कुकड़ू प्रखंड में प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र का शिलान्यास किया जाएगा. उन्होंने कहा कि स्वास्थ्य केंद्र बनने से ग्रामीणों को इलाज के लिए दूर- दराज के शहरों में नहीं जाना पड़ेगा.
स्वास्थ्य मेले में विभिन्न विभागों के स्टॉल लगाए गए थे. इनमें सामान्य चिकित्सा, मातृ- शिशु स्वास्थ्य, टीकाकरण, पोषण, नेत्र एवं दंत जांच के साथ आयुष्मान भारत योजना के लिए विशेष काउंटर शामिल था. जिन लाभुकों के पास आयुष्मान कार्ड नहीं था, उनका ऑन- स्पॉट पंजीकरण किया गया.
आयोजकों के अनुसार सैकड़ों ग्रामीणों ने मुफ्त स्वास्थ्य जांच और दवाओं का लाभ उठाया. स्वास्थ्य विभाग के चिकित्सकों और नर्सिंग स्टाफ ने ग्रामीणों को स्वच्छता, संतुलित आहार और नियमित स्वास्थ्य जांच के महत्व की जानकारी दी. वहीं स्थानीय मुखिया और वार्ड सदस्यों ने कहा कि प्रखंड में स्थायी स्वास्थ्य केंद्र बनने से सभी पंचायतों के लोगों को बेहतर स्वास्थ्य सुविधाएं मिलेंगी. प्रखंड स्वास्थ्य मेला को लेकर ग्रामीणों में खासा उत्साह देखने को मिला. ग्रामीणों ने भविष्य में भी इस तरह के स्वास्थ्य मेलों के नियमित आयोजन की मांग की.

