सरायकेला/ Pramod Singh सरायकेला- खरसावां जिले के किसानों की आय सुरक्षा के लिए कुकड़ू प्रखंड में शुक्रवार को बिरसा प्रधानमंत्री फसल बीमा योजना पर एक दिवसीय प्रखंड स्तरीय कार्यशाला का आयोजन किया गया. इस कार्यशाला की अध्यक्षता प्रखंड विकास पदाधिकारी ने की. कार्यक्रम में प्रखंड सहकारिता पदाधिकारी और प्रखंड कृषि पदाधिकारी ने योजना की विस्तृत जानकारी दी.

उन्होंने किसानों को बताया कि इस योजना का उद्देश्य प्राकृतिक आपदा, कीट प्रकोप या रोग के कारण फसल क्षति होने पर किसानों को मुआवजा देना है. कार्यशाला में किसानों को आवेदन प्रक्रिया, जरूरी दस्तावेज, प्रीमियम दर, नामांकन की अंतिम तिथि और दावा प्रक्रिया के बारे में भी बताया गया. कार्यशाला में प्रखंड के जनसेवक, लैम्पस के अध्यक्ष- सचिव, कृषक मित्र, VLE और बड़ी संख्या में किसान उपस्थित थे. किसानों के सवालों का जवाब मौके पर ही अधिकारियों द्वारा दिया गया.
प्रखंड विकास पदाधिकारी ने अधिकारियों को निर्देश दिया कि पंचायत स्तर पर जागरूकता अभियान चलाएं और तकनीकी सहयोग से अधिक से अधिक किसानों का नामांकन सुनिश्चित करें. अधिकारियों ने किसानों से अपील की कि वे तय समयसीमा के भीतर योजना में नामांकन कराएं ताकि आपदा की स्थिति में उन्हें आर्थिक सहायता मिल सके.

