कुचाई: विकास भारती संस्था द्वारा बुधवार को मरांगहातू पंचायत के जोवाजनजीर गांव में नि:शुल्क स्वास्थ्य शिविर का आयोजन किया गया. इस शिविर का उद्देश्य ग्रामीणों को प्राथमिक स्वास्थ्य सेवाएं उपलब्ध कराना था. स्वास्थ्य सेवाओं से वंचित ग्रामीणों और स्कूली छात्रों ने बड़ी संख्या में भाग लेकर शिविर का लाभ उठाया.

शिविर में सुचिता टोप्पो (सामुदायिक स्वास्थ्य अधिकारी), बाबूलाल किस्कु (मल्टीपर्पज हेल्थ वर्कर) और बहामनी टोप्पो (नर्स मिडवाइफ) की टीम ने सेवा दी. टीम ने सामान्य स्वास्थ्य जांच, रक्तचाप और शरीर का तापमान जांच जैसी सेवाएं दीं. इस अवसर पर जरूरतमंदों को आवश्यक दवाएं भी नि:शुल्क वितरित की गईं. ग्रामीणों को स्वच्छता, मौसमी बीमारियों और पोषण के प्रति जागरूक किया गया. स्थानीय लोगों ने विकास भारती और स्वास्थ्य टीम के प्रयासों की सराहना की. ऐसे शिविर ग्रामीण क्षेत्रों में स्वास्थ्य सेवाएं पहुंचाने और जागरूकता बढ़ाने में अहम भूमिका निभाते हैं.

