सरायकेला/ Pramod Singh काशी साहू महाविद्यालय में स्नातक और बीएड की परीक्षा के दौरान बिजली संकट गहरा गया है. सोशल मीडिया पर वायरल हुए एक वीडियो में देखा गया कि ग्रामीण क्षेत्र से आए हजारों छात्र-छात्राएं अंधेरे में परीक्षा लिखने को मजबूर हैं.

आज छात्र संघ ने महाविद्यालय का निरीक्षण किया. छात्र संघ अध्यक्ष प्रकाश महतो ने बताया कि निरीक्षण के दौरान स्थिति गंभीर पाई गई. महाविद्यालय प्रशासन से वार्ता की गई, लेकिन संतोषजनक जवाब नहीं मिला. छात्र संघ ने तत्काल परीक्षा के लिए जेनरेटर की व्यवस्था करने का आदेश दिया है. मौके पर छात्र नेता राणा कृष्णा, लक्षण महतो, लक्ष्मण स्वाई, कुणाल महतो, अविनाश, निशांत साहू, प्रदुम महतो समेत अन्य उपस्थित थे. छात्र संघ ने मांग की है कि जब तक परीक्षा समाप्त नहीं हो जाती, तब तक जेनरेटर की व्यवस्था सुनिश्चित की जाए, ताकि छात्रों को किसी प्रकार की असुविधा न हो.

