सरायकेला: जिले के सीनी ओपी क्षेत्र के कमलपुर गांव से बीते 22 जुलाई को एक युवक के अपहरण के मामले में गिरफ्त में आए शेख अजहरुद्दीन, मोहम्मद कलीम और आमिर खान उर्फ भोंदा को सोमवार को पूछताछ के बाद पुलिस ने न्यायिक हिरासत में भेज दिया है.

मालूम हो कि युवक के अपहरण और फिरौती का सनसनीखेज मामला आते ही पुलिस अधीक्षक मुकेश कुमार लुणायत ने एक विशेष अनुसंधान दल (SIT) का गठन किया गया. अनुमंडल पुलिस पदाधिकारी के नेतृत्व में गठित इस टीम ने त्वरित कार्रवाई करते हुए 24 जुलाई 2025 को अपहृत युवक को सकुशल बरामद कर लिया.
एसपी ने बताया कि जांच के क्रम में तकनीकी और मानवीय साक्ष्यों के आधार पर प्रथम अभियुक्त अब्दुल्ला खान उर्फ अब्दुल्ला फैजी को गिरफ्तार किया गया. उसके पास से घटना में प्रयुक्त मोबाइल फोन, एक देशी कट्टा और एक जिंदा गोली बरामद की गई. पूछताछ के आधार पर पुलिस ने मुख्य अपहरणकर्ता शेख अजहरुद्दीन, मो० कलिम और अमीर खान उर्फ भोन्दा को भी गिरफ्तार कर लिया. उनके पास से एक देशी पिस्टल, छह जिंदा गोली, एक टाटा विस्टा (TATA Vista) कार और एक मोबाइल फोन जब्त किया गया है. उन्होंने बताया कि गिरफ्तार अभियुक्त शेख अजहरुद्दीन और कलीम का आपराधिक इतिहास लंबा है. अजहरुद्दीन के खिलाफ आदित्यपुर और चांडिल थाना में हत्या, लूट और आर्म्स एक्ट से संबंधित कई गंभीर मामले दर्ज हैं. उन्होंने बताया कि इस मामले में शेष अभियुक्तों की तलाश में लगातार छापेमारी की जा रही है.
पूरे मामले का अनुसंधान प्रगति पर है. मालूम हो कि जिले में पुलिस के बढ़ते प्रभाव को देखते हुए अजहरुद्दीन और कलीम ने जमशेदपुर में शरण ले रखा था और वहीं से आपराधिक घटनाओं को संचालित कर रहा था. उक्त घटना के बाद अनुसंधान के क्रम में पुलिस को सूचना मिली कि तीनों अपराधी जमशेदपुर के मानगो क्षेत्र में रह रहे हैं. जिसके बाद तीनों की घेराबंदी कर की गई. शनिवार को तीनों को मानगो से गिरफ्तार किया गया. वहीं एसपी ने मुठभेड़ की घटना से इंकार किया है.

