सरायकेला/ Pramod Singh थाना क्षेत्र के सीनी ओपी अंतर्गत कमलपुर गांव के एक युवक के अपहरण मामले में पुलिस ने बड़ी कार्रवाई की है. मामले में पुलिस ने चार आरोपियों को हिरासत में लिया है. इनमें अजहरुद्दीन उर्फ बाबू, कलीम खान, अजीर खान और एक अन्य बाबू शामिल हैं.

विदित हो कि बीस वर्षीय युवक हसन का अपहरण 22 जुलाई को उस वक्त हुआ, जब वह अपने 6-7 दोस्तों के साथ पार्टी कर रहा था. युवक के पिता खुर्शीद ईंट-भट्ठा व्यवसायी हैं. सूत्रों के अनुसार, अपहरणकर्ताओं ने फिरौती के तौर पर 2 करोड़ रुपये की मांग की थी. साजिश के तहत पहले पार्टी रखी गई और वहीं से युवक का अपहरण किया गया.
पुलिस अधीक्षक को सूचना मिलने के बाद अनुमंडल पुलिस पदाधिकारी के नेतृत्व में टीम गठित की गई. सभी आरोपियों को जमशेदपुर के मानगो से गिरफ्तार किया गया. दो आरोपियों के पास से हथियार भी बरामद किए गए हैं. बताया गया कि अपहरण में शामिल अजहरुद्दीन उर्फ बाबू पहले भी हसन के पिता से रंगदारी ले चुका है. पांच साल पहले उसने 5 लाख रुपये वसूले थे और उसके बाद हर साल एक लाख रुपये रंगदारी के तौर पर लिया करता था. पिछले दो वर्षों से जब रंगदारी बंद कर दी गई, तो आरोपी ने युवक का अपहरण कर लिया और सबक सिखाने की नीयत से 2 करोड़ की मांग की. हालांकि पुलिस की बढ़ती दबिश के कारण युवक को राजनगर के हेंसल क्षेत्र में छोड़ दिया गया, जहां से पुलिस ने उसे सकुशल बरामद कर लिया. फिलहाल मामले की जांच जारी है.

