सरायकेला- खरसावां:जिले में चलाए जा रहे विशेष अभियान के तहत पुलिस ने दो अलग- अलग वाहन चोर गिरोहों का पर्दाफाश किया है. इस कार्रवाई में पुलिस ने 10 आरोपियों को गिरफ्तार किया, चार नाबालिगों को निरुद्ध किया और चोरी की 17 मोटरसाइकिलों के साथ एक पिकअप वाहन बरामद किया.

पुलिस अधीक्षक मुकेश कुमार लुनायत ने शुक्रवार को प्रेस कॉन्फ्रेंस कर बताया कि आदित्यपुर थाना क्षेत्र में पुलिस ने लाल बिल्डिंग, टाटा- कांड्रा मेन रोड पर छापेमारी कर सुजीत दास उर्फ मोटा दास और लव मांझी उर्फ रेपो को बिना नंबर की हीरो होंडा स्प्लेंडर मोटरसाइकिल के साथ पकड़ा. पूछताछ में दोनों ने गिरोह के अन्य सदस्यों के साथ मिलकर कई बाइक चोरी करने की बात स्वीकारी. उनकी निशानदेही पर चोरी की सात मोटरसाइकिलें और एक पिकअप वाहन बरामद किया गया. इस गिरोह में अजीत दास उर्फ छोटा दास, भीम यादव उर्फ प्रिंस, तरुण यादव उर्फ राधे, रासु गोराई, विलियम कुमार कर और शिवा दास भी शामिल पाए गए.
बरामद वाहनों में हीरो स्प्लेंडर प्लस, हीरो पैशन प्लस, बजाज पल्सर, टीवीएस ज्यूपिटर और एक पिकअप वाहन शामिल हैं. इन वाहनों के इंजन और चेसिस नंबर भी पुलिस ने दर्ज किए हैं. साथ ही रेडमी और रियलमी कंपनी के मोबाइल फोन भी जब्त किए गए हैं.
वहीं कुचाई थाना क्षेत्र में गोपीडीह चौक के पास वाहन जांच के दौरान चोरी की दो मोटरसाइकिल के साथ छह युवकों को पकड़ा गया. पूछताछ में उन्होंने सात और मोटरसाइकिल चोरी कर छुपाने की बात बताई. इनमें से अमित कुम्भकार और उदय सामाड़ को गिरफ्तार किया गया, जबकि चार नाबालिगों को निरुद्ध किया गया. पुलिस ने टोकलो थाना क्षेत्र के अलग- अलग स्थानों से बाकी मोटरसाइकिलें बरामद कीं.

बरामद मोटरसाइकिलों के इंजन व चेसिस नंबर पुलिस रिकॉर्ड में दर्ज किए गए हैं. सभी आरोपी फिलहाल पुलिस हिरासत में हैं और आगे की कानूनी कार्रवाई जारी है. पुलिस अधीक्षक ने बताया कि यह कार्रवाई जिले में संपत्तिमूलक अपराधों पर अंकुश लगाने के लिए चलाए जा रहे विशेष अभियान की बड़ी सफलता है.

भारत के प्रमुख डिजिटल न्यूज़ प्लेटफॉर्म्स में से एक, India News Viral बिहार और झारखंड क्षेत्र की हर छोटी-बड़ी ख़बरों को सबसे तेज़ और सटीक रूप में पाठकों तक पहुँचाने के लिए जाना जाता है।
यह डिजिटल डेस्क स्थानीय मुद्दों से लेकर राष्ट्रीय व अंतरराष्ट्रीय घटनाओं तक, राजनीति, शिक्षा, स्वास्थ्य, खेल, मनोरंजन और सामाजिक सरोकार से जुड़ी हर ख़बर पर पैनी नज़र रखता है।
विश्वसनीय स्रोतों और जमीनी रिपोर्टिंग के दम पर, India News Viral – Bihar Jharkhand का उद्देश्य पाठकों को निष्पक्ष, त्वरित और तथ्यात्मक समाचार उपलब्ध कराना है।
