सरायकेला: वर्तमान फ़सलीय वर्ष में जिलांतर्गत अफीम की अवैध खेती की संभावना को नगण्य करने के लिए सरायकेला- खरसावां पुलिस ने प्री- कल्टीवेशन ड्राइव शुरू किया है. इस अभियान के तहत जिला पुलिस द्वारा विभिन्न माध्यमों से अफीम की अवैध खेती की रोकथाम और वैकल्पिक कृषि को बढ़ावा देने हेतु आमजन को जागरूक किया जा रहा है.

अभियान के तहत 17 सितंबर 2025 को कुचाई थाना अंतर्गत दामादिरी गांव, दलभंगा ओपी अंतर्गत लिपिजारी, गुटुहातु और पतराडीह गांव तथा ईचागढ़ थाना अंतर्गत कुंद्रिलोंग गांव में जागरूकता कार्यक्रम आयोजित किए गए. इस दौरान स्थानीय जनप्रतिनिधियों और ग्रामीणों के बीच अफीम की अवैध खेती एवं विक्रय निषेध संबंधी विषयों पर चर्चा की गई.

संबंधित थाना प्रभारी ने उपस्थित ग्रामीणों को स्थानीय भाषा में अफीम के दुष्प्रभाव और कानूनी प्रावधानों की जानकारी दी. इसके साथ ही ग्रामीणों को अफीम के स्थान पर वैकल्पिक खेती करने हेतु प्रोत्साहित किया गया. अभियान के जरिए पुलिस ने यह संदेश दिया कि अफीम की अवैध खेती से समाज और भविष्य दोनों प्रभावित होते हैं.


