सरायकेला/ Pramod Singh

श्री जगन्नाथ मंदिर प्रांगण में श्री जगन्नाथ सेवा समिति द्वारा कार्तिक पूर्णिमा और पंचक स्नान बोइतो बंदानो के अवसर पर 1 नवंबर से 5 नवंबर तक विविध धार्मिक कार्यक्रमों का आयोजन किया जाएगा.
इस दौरान ओडिशा के प्रसिद्ध कथावाचक पंडित रत्नाकर नायक पुरीधाम द्वारा श्रीमद भागवत कथा प्रवचन किया जाएगा. हर दिन कथा प्रारंभ से पहले ओडिशा के सुप्रसिद्ध संगीत कलाकारों द्वारा संगीतमय भजन कार्यक्रम का भी आयोजन किया गया है.
इसे लेकर श्री जगन्नाथ सेवा समिति की एक महत्वपूर्ण बैठक समिति के अध्यक्ष राजा सिंहदेव की अध्यक्षता में सम्पन्न हुई.
बैठक में कार्तिक पूर्णिमा एवं पंचक स्नान के अवसर पर पांच दिन तक चलने वाले श्रीमद भागवत कथा प्रवचन की रूपरेखा पर विस्तार से विचार- विमर्श किया गया. साथ ही कार्यक्रम को सफल बनाने के लिए विभिन्न सदस्यों को जिम्मेदारियां सौंपी गईं.
अध्यक्ष राजा सिंहदेव ने बताया कि कार्तिक पूर्णिमा को ओड़िया समुदाय का सबसे पवित्र और पुण्य दिवस माना जाता है.
ओड़िया समाज इस दिन ‘बोईतो बंदाणो’ उत्सव के रूप में कार्तिक पूर्णिमा का उल्लासपूर्वक आयोजन करता है. उन्होंने बताया कि इस कार्यक्रम के माध्यम से ओड़िया संस्कृति और परंपरा को बढ़ावा देने का उद्देश्य रखा गया है.

