कपाली/ Afroz Mallik सरायकेला- खरसावां जिला के कपाली ओपी क्षेत्र में नशे के खिलाफ पुलिस ने बड़ी कार्रवाई करते हुए तमोलिया बारी कॉलोनी से ब्राउन शुगर के साथ दो युवकों को रंगेहाथों गिरफ्तार किया है. गिरफ्तार युवकों में एक तस्कर और एक खरीदार शामिल है.

दोनों के पास से 19 पुड़िया ब्राउन शुगर और करीब पांच हजार रुपये नकद बरामद किए गए हैं. गिरफ्तार आरोपियों को न्यायिक हिरासत में भेज दिया गया है. कपाली ओपी प्रभारी धीरंजन कुमार ने जानकारी देते हुए बताया कि शाम करीब 5 बजे एंटी क्राइम चेकिंग अभियान चलाया गया था. इसी दौरान पुलिस को देखकर दो युवक भागने लगे. संदेह होने पर पुलिस ने उन्हें खदेड़ कर पकड़ा. तलाशी के दौरान उनके पास से 19 पुड़िया ब्राउन शुगर बरामद हुई, जिसकी बाजार कीमत करीब 28 हजार रुपये आंकी गई है.
गिरफ्तार आरोपियों की पहचान सोनू आलम उर्फ दानिश (25 वर्ष), निवासी रोड संख्या-17, आजाद नगर थाना क्षेत्र, जमशेदपुर और मोनु सिंह (21 वर्ष), निवासी हरी मंदिर, तमोलिया, कपाली ओपी के रूप में हुई है. दोनों के खिलाफ मामला दर्ज कर उन्हें जेल भेज दिया गया है. इस कार्रवाई में कपाली ओपी प्रभारी धीरंजन कुमार के साथ सब-इंस्पेक्टर अनीता सौरेन, खुर्शीद आलम, हुसैन अंसारी और सशस्त्र बल शामिल थे. थानेदार ने चेतावनी दी है कि क्षेत्र में अवैध कारोबार, नशाखोरी, अड्डेबाजी और बाइक रेसिंग जैसे कृत्यों में शामिल लोगों को बख्शा नहीं जाएगा.

