चांडिल/ Afroz Mallik सरायकेला- खरसावां जिले के कपाली पुलिस ने शनिवार की शाम एंटी क्राइम चेकिंग अभियान के दौरान एक बार फिर नाबालिगों पर कार्रवाई की. कपाली ओपी प्रभारी धीरंजन कुमार के नेतृत्व में वार्ड संख्या 21 स्थित हरि मंदिर के समीप वाहन जांच अभियान चलाया गया. इस दौरान पुलिस ने काले रंग की हीरो स्प्लेंडर मोटरसाइकिल (नंबर JH05DV 9672) को रोका, जिस पर पांच नाबालिग युवक सवार थे.

पूछताछ और कागजात की जांच में गंभीर अनियमितताएं सामने आईं. ट्रैफिक नियम उल्लंघन को देखते हुए पुलिस ने 32 हजार रुपये का चालान काटा. ओपी प्रभारी धीरंजन कुमार ने बताया कि कुछ दिन पहले भी एक अन्य हीरो होंडा मोटरसाइकिल पर सवार नाबालिग युवकों का 32 हजार रुपये का चालान किया गया था.
उन्होंने कहा कि क्षेत्र में लगातार नाबालिगों द्वारा दोपहिया वाहन चलाने और नियमों की अनदेखी की सूचना मिल रही है. इस कारण पुलिस सुबह और शाम नियमित रूप से एंटी क्राइम चेकिंग अभियान चला रही है. साथ ही उन्होंने स्थानीय लोगों से अपील की कि वे नाबालिग बच्चों को वाहन न सौंपें, क्योंकि इससे सड़क हादसों और अपराध की घटनाओं की संभावना बढ़ जाती है. ओपी प्रभारी ने बताया कि अब काली फ़िल्म लगाकर चलनेवाले वाहन चालकों के खिलाफ कार्रवाई तेज की जाएगी. उन्होंने बताया कि उन्हें लगातार सूचना मिल रही है कि असामाजिक तत्व काली फिल्म लगाकर वाहनों से आवागमन कर रहे हैं. इस पर पुलिस की पहनी नजर है.

