चांडिल/ Afroz Mallik सरायकेला- खरसावां जिले के कपाली ओपी पुलिस ने सार्वजनिक स्थानों पर शराब पीना, नशाखोरी, मोटरसाइकिल से स्टंट, ट्रिपल सवारी, बिना नंबर प्लेट वाहन चलाना, डिज़ाइनदार नंबर प्लेट लगाना और तेज हॉर्न बजाने जैसी गतिविधियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई शुरू कर दी है.

कपाली ओपी प्रभारी धीरंजन कुमार ने बताया कि डोबो पुलिया, डैम के आसपास, गौसनगर के बावन बिगहा और बैल चौक जैसे स्थानों पर शाम होते ही जमशेदपुर क्षेत्र के कई युवक कार, टेंपो और मोटरसाइकिल से पहुंचकर नशाखोरी करते हैं. इन गतिविधियों के कारण सड़क दुर्घटनाओं में लगातार इजाफा हो रहा है. उन्होंने चेतावनी दी कि ऐसे नियम उल्लंघनकर्ताओं के खिलाफ कड़ी कानूनी कार्रवाई की जा रही है और इसे रोकने के लिए विशेष अभियान चलाया जा रहा है, जो आगे भी जारी रहेगा. कपाली क्षेत्र के नागरिकों से उन्होंने पुलिस का सहयोग करने और किसी भी संदिग्ध गतिविधि की सूचना तुरंत देने की अपील की.

