चांडिल/ Afroz Mallik कपाली नगर परिषद क्षेत्र में पिछले एक सप्ताह से सरकारी सप्लाई पानी पूरी तरह ठप है. पानी की लगातार किल्लत ने स्थानीय लोगों का जनजीवन अस्त-व्यस्त कर दिया है. पीने के पानी से लेकर घरेलू उपयोग तक हर काम प्रभावित हो गया है, जिससे क्षेत्रवासियों में गहरा आक्रोश है.

स्थानीय निवासियों के अनुसार, कपाली क्षेत्र में महीने भर में मुश्किल से 5 से 10 दिन ही सप्लाई पानी मिल पाता है. बाकी दिनों में नलों से एक बूंद पानी नहीं टपकता. मजबूरन लोगों को दूर-दराज के हैंडपंपों या निजी बोरवेलों से पानी लाना पड़ रहा है. कई इलाकों में महिलाओं और बच्चों को सुबह-सुबह पानी की तलाश में कतारों में खड़ा देखा जा रहा है.
नगर परिषद कर्मचारियों से पूछताछ करने पर हमेशा की तरह जवाब मिला कि मोटर पंप खराब है. स्थानीय लोगों का कहना है कि यह बहाना नया नहीं है. हर बार यही कहा जाता है, लेकिन समस्या का कोई स्थायी समाधान नहीं किया जा रहा. मोहर्रम कमेटी के सदस्य मोहम्मद साजिद ने नाराजगी जताते हुए कहा कि “अगर मोटर पंप बार-बार खराब हो रहा है, तो प्रशासन नया पंप क्यों नहीं लगवा रहा ? आखिर कब तक लोग इस तरह परेशान रहेंगे ?” उन्होंने कहा कि कपाली क्षेत्र की बढ़ती आबादी को देखते हुए जलापूर्ति की नई व्यवस्था जरूरी है.
उन्होंने चेतावनी दी कि यदि जल्द ही जलापूर्ति बहाल नहीं की गई, तो नागरिक आंदोलन शुरू किया जाएगा. स्थानीय नागरिकों ने भी कहा कि पानी की समस्या कपाली क्षेत्र में नई नहीं है, लेकिन इस बार स्थिति अत्यंत गंभीर हो गई है. इधर नगर परिषद की चुप्पी और लापरवाही पर क्षेत्र के लोगों में गहरा असंतोष है. लोगों ने जिला प्रशासन से मांग की है कि कपाली क्षेत्र में नियमित जलापूर्ति सुनिश्चित की जाए, ताकि हर घर तक समय पर पानी पहुंचे और लोगों को इस संकट से राहत मिले.

