कपाली: ओपी अंतर्गत एशियन स्कूल के समीप शनिवार देर रात करीब 10:30 बजे के आसपास बाईक सवार युवकों ने जैद खान (20) वर्ष को गोली मार दी. गंभीर रूप से घायल युवक को इलाज के लिए टाटा मुख्य अस्पताल में ले जाया गया जहां उसका इलाज चल रहा है. सूचना मिलते ही कपाली ओपी पुलिस मौके पर पहुंची और मामले की छानबीन में जुट गई है. बताया जा रहा है कि तीन की संख्या में अपराधियों ने घटना को अंजाम दिया है.

घटना की चश्मदीन रूबी बीवी ने बताया कि सूरज, इरफ़ान और अफरीदी नामक युवकों ने उनसे रंगदारी की मांग की थी नहीं देने पर शनिवार को उनसे मिलने आए जैद खान को गोली मार दी. उन्होंने बताया कि अपराधियों ने पांच राउंड फायरिंग की जिसमें एक गोली जैद के पेट में लगकर निकल गई. हालांकि युवक की स्थिति खतरे से बाहर बताई जा रही है. बताया जाता है कि युवक वोल्टास में एसी मैकेनिक है और टाटा मुख्य अस्पताल में ही काम करता है. युवक रूबी के घर क्यों गया था यह जांच का विषय है. पुलिस सभी बिंदुओं पर जांच कर रही है.
महिला रूबी बीवी से जब पूछा गया कि उनसे किस बात की रंगदारी मांगी जाती है तो वह साफ-साफ कुछ भी बताने से परहेज करती दिखी. सूत्रों की माने तो इस घटना के पीछे देह व्यापार और गौ तस्करी में वर्चस्व का जंग कारण हो सकता है.

