चांडिल/ Afroz Mallik अनुमंडल के कपाली क्षेत्र में नए साल की शुरुआत के साथ ही पुलिस पूरी तरह एक्शन मोड में नजर आ रही है. जिला पुलिस अधीक्षक मुकेश कुमार लुनायत के कुशल नेतृत्व और सख्त दिशा- निर्देश में कपाली पुलिस लगातार अपराध और नशाखोरी के खिलाफ प्रभावी कार्रवाई कर रही है.

चांडिल के एसडीपीओ अरविंद बिनहा, अंचल निरीक्षक राजेश कुमार सिंह और कपाली ओपी प्रभारी धीरंजन कुमार की मजबूत टीम ने हाल के दिनों में कई बड़ी सफलताएं हासिल की हैं. पुलिस ने ब्राउन शुगर की बड़ी खेप बरामद की है, चोरी की मोटरसाइकिलों को रिकवर किया है और अवैध हथियारों के खिलाफ भी सख्त कार्रवाई की है. इन कार्रवाइयों से यह साफ हो गया है कि अब कपाली क्षेत्र अपराधियों के लिए सुरक्षित ठिकाना नहीं रहा.
लगातार हो रही कार्रवाई से नशा कारोबारियों और अपराधियों में भय का माहौल है. स्थानीय लोगों के अनुसार कपाली ओपी प्रभारी धीरंजन कुमार खुद सुबह से ही क्षेत्र में सक्रिय रहते हैं और मोटरसाइकिल या अन्य साधनों से लगातार गश्त कर हालात पर पैनी नजर बनाए रखते हैं. सघन पेट्रोलिंग का असर यह है कि 52 बीघा फॉरेस्ट मैदान, रामू चौक, गुलजार चौक, बाबा गुंडी, चांदनी चौक, अलबेला गार्डन और डॉक्टर कॉलोनी जैसे इलाकों के लोग खुद को पहले से ज्यादा सुरक्षित महसूस कर रहे हैं.
क्षेत्रवासियों का कहना है कि नशाखोरी और अपराध पर लगाम लगाने को लेकर पुलिस प्रशासन की यह पहल सराहनीय है.
लोगों में चर्चा है कि कपाली क्षेत्र के लिए धीरंजन कुमार जैसे निडर, ईमानदार और कर्मठ अधिकारी किसी “बड़े बाबू” से कम नहीं हैं, जो बिना किसी दबाव के अपराधियों पर सख्त कार्रवाई कर रहे हैं. वहीं कपाली ओपी प्रभारी धीरंजन कुमार ने स्पष्ट कहा है कि नशा और अपराध के खिलाफ अभियान आगे भी पूरी सख्ती के साथ जारी रहेगा. उन्होंने बताया कि पुलिस का लक्ष्य कपाली क्षेत्र को अपराधमुक्त बनाना और आम जनता को सुरक्षित माहौल देना है.
कुल मिलाकर नए साल में कपाली पुलिस की सक्रियता, सख्ती और लगातार मिल रही सफलता से यह उम्मीद मजबूत हुई है कि आने वाले समय में कपाली क्षेत्र नशा और अपराध से मुक्त होकर एक सुरक्षित क्षेत्र के रूप में स्थापित होगा.

