कांड्रा/ Bipin Varshney थाना क्षेत्र में इन दिनों पुलिस की सख़्त चेकिंग के कारण ग्रामीणों को लगातार परेशानी का सामना करना पड़ रहा है. पुलिस द्वारा आर्म्स चेकिंग के साथ- साथ हेलमेट और अन्य कागजातों की भी सघन जांच की जा रही है. इस वजह से ग्रामीणों में दहशत का माहौल बन गया है और कई लोग बाजार आने से भी बच रहे हैं.

ग्रामीणों का कहना है कि चेकिंग के डर से लोग जरूरी काम के लिए भी बाहर निकलने से कतरा रहे हैं. इसका सीधा असर स्थानीय बाजार पर पड़ा है. व्यापारियों के अनुसार ग्राहक कम आने से उनकी दैनिक बिक्री बुरी तरह प्रभावित हो रही है और आर्थिक नुकसान झेलना पड़ रहा है.
दूसरी ओर कांड्रा थाना क्षेत्र के अंतर्गत लगभग 5 किलोमीटर सड़क पूरी तरह जर्जर हो चुकी है. सड़क पर जगह-जगह बड़े-बड़े गड्ढे बन चुके हैं, जिससे आए दिन दुर्घटनाएं हो रही हैं. स्थानीय लोगों ने कई बार पुलिस प्रशासन और संबंधित विभाग को सड़क की बदहाल स्थिति से अवगत कराया, लेकिन अब तक कोई ठोस कदम नहीं उठाया गया है.
थाना प्रभारी का बयान
इस संबंध में कांड्रा थाना प्रभारी ने बताया कि क्षेत्र में की जा रही आर्म्स चेकिंग सुरक्षा के मद्देनजर नियमित प्रक्रिया है. इसका उद्देश्य किसी को परेशान करना नहीं, बल्कि क्षेत्र में कानून- व्यवस्था बनाए रखना और लोगों की सुरक्षा सुनिश्चित करना है. उन्होंने कहा कि ट्रैफिक और कागजातों की जांच भी पूरी तरह नियमों के अनुसार ही की जा रही है. यदि किसी को कोई असुविधा हो रही है तो उसका समाधान किया जाएगा.
सड़क की समस्या पर थाना प्रभारी ने कहा कि सड़क मरम्मत संबंधित विभाग का विषय है. इस संबंध में उच्च अधिकारियों को जानकारी दे दी गई है और उम्मीद है कि जल्द ही मरम्मत कार्य शुरू कराया जाएगा.
स्थानीय ग्रामीणों और व्यापारियों ने प्रशासन से मांग की है कि चेकिंग प्रक्रिया को और सहज बनाया जाए तथा जर्जर सड़कों की जल्द मरम्मत कराई जाए, ताकि सामान्य जनजीवन दोबारा पटरी पर लौट सके.
बाईट
प्रकाश राजू

