कांड्रा/ Bipin Varshney थाना अंतर्गत कांड्रा- चौका मुख्य मार्ग पर रघुनाथपुर काली मंदिर के समीप रविवार देर शाम एक सड़क हादसे में साइकिल सवार गंभीर रूप से घायल हो गया. जानकारी के अनुसार, साइकिल सवार सड़क किनारे अपनी साइकिल खड़ी कर चेन लगा रहा था, तभी पीछे से आ रहे एक तेज रफ्तार मोटरसाइकिल सवार ने उसे जोरदार टक्कर मार दी.

हादसे में साइकिल सवार विश्वनाथ महतो, निवासी पलासडीह (प्रखंड कुकड़ू), गंभीर रूप से घायल हो गए. उनके कमर और पैर में गंभीर चोटें आई हैं.
घटना के बाद कांड्रा बानाडूंगरी निवासी कृष्णा मंडल ने सड़क किनारे गिरे घायल को देखा और तत्काल इसकी सूचना कांड्रा थाना पुलिस एवं एम्बुलेंस को दी. सूचना मिलते ही कांड्रा थाना पुलिस मौके पर पहुंची और राहगीरों व ग्रामीणों की मदद से घायल को एंबुलेंस से इलाज हेतु जमशेदपुर भेजवाया. पुलिस ने घटनास्थल का निरीक्षण किया और मामले की जांच शुरू कर दी है.

