सरायकेला/ Bipin Varshney

कांड्रा थाना अंतर्गत अपना मार्ट के समीप बुधवार देर शाम हुए भीषण सड़क हादसे में बाईक सवार युवक गंभीर रूप से घायल हुआ है. घायल की पहचान मुडीडीह निवासी नकुल कुम्हार के रूप में हुई है. घटना के बाद सड़क पर अफरा- तफरी मच गई है.
मिली जानकारी के अनुसार ट्रक संख्या JH09BD- 2429 और मोटरसाइकिल संख्या JH22H- 8928 के बीच जोरदार टक्कर हो गई. टक्कर इतनी जबरदस्त थी कि मोटरसाइकिल रोड किनारे जा गिरी और बाइक सवार ट्रक के नीचे जा फंसा. हादसे में ट्रक के चक्के से युवक के दोनों पैर बुरी तरह कुचल गए, जबकि उसका एक हाथ भी गंभीर रूप से घायल हो गया.
बताया जा रहा है कि हादसे के तुरंत बाद ट्रक चालक कुछ दूरी पर वाहन रोककर खुद थाना पहुंचा और पुलिस को पूरे घटनाक्रम की सूचना दी. सूचना मिलते ही कांड्रा थाना पुलिस और एंबुलेंस मौके पर पहुंची. स्थानीय लोगों की मदद से घायल युवक को अस्पताल भेजा गया, जहां उसका इलाज चल रहा है.
हादसे के कारण कुछ समय के लिए सड़क के दोनों ओर वाहनों की लंबी कतार लग गई थी. हालांकि पुलिस ने तत्परता दिखाते हुए ट्रैफिक को जल्द ही सामान्य कर दिया. बताया जा रहा है कि यह पूरी घटना अपना मार्ट में लगे सीसीटीवी कैमरे में कैद हो गई है. पुलिस अब फुटेज खंगालकर मामले की जांच में जुट गई है.

