सरायकेला: जेपीएससी सिविल सेवा परीक्षा 2023 का परिणाम घोषित कर दिया गया है. इस परीक्षा में कुल 342 परीक्षार्थी सफल घोषित किये गये हैं. सरायकेला- खरसावां जिले के कुचाई प्रखंड के रोलाहातु पंचायत अंतर्गत कसरौली गांव के नीरज कंदीर ने 270वां रैंक हासिल किया है.

नीरज ने पहली बार में ही यह सफलता पायी है. वर्तमान में वे टाटा स्टील में नौकरी कर रहे हैं. नीरज किसान सौकंदीर के पुत्र हैं. उनकी माता चिराण कंदीर गृहिणी हैं. नीरज ने बताया कि उनकी सफलता के पीछे परिवार का पूरा सहयोग है. साथ ही, पूर्व चयनित उम्मीदवारों से भी उन्हें प्रेरणा मिली. नीरज ने दसवीं कक्षा मधुसूदन महतो हाई स्कूल आसनतलिया से पास की. स्नातक उन्होंने वर्कर्स कॉलेज जमशेदपुर से गणित ऑनर्स में किया. वहीं, स्नातकोत्तर करीम सिटी कॉलेज जमशेदपुर से पूरा किया. नीरज की इस सफलता से गांव में खुशी का माहौल है.

