सरायकेला- खरसावां जिले के कुचाई प्रखंड स्थित मरांगहातु गांव के संदीप बांकिरा ने झारखंड संयुक्त परीक्षा 2023 (जेपीएससी) में सफलता हासिल कर अपने गांव का नाम रोशन किया. 26 वर्षीय संदीप ने दूसरे प्रयास में 308वां रैंक प्राप्त किया है. अब वे झारखंड सरकार में डिप्टी कलेक्टर बनेंगे.

संदीप के चाचा सोमनाथ बांकिरा भी डिप्टी कलेक्टर हैं. संदीप ने बताया कि चाचा को देख कर ही उनके मन में डिप्टी कलेक्टर बनने की इच्छा जगी. संदीप ने बताया कि पहले प्रयास में 2021 में वे मात्र 13 अंकों से चूक गये थे, लेकिन हार नहीं मानी. उन्होंने गांव में रहकर रोजाना 5- 6 घंटे सेल्फ स्टडी की. यूट्यूब से विशेषज्ञों की गाइडलाइन फॉलो की और दोबारा मेहनत में जुट गये. संदीप का मानना है कि सफलता के लिए लक्ष्य तय कर लगन और मेहनत के साथ आगे बढ़ना जरूरी है. संदीप की सफलता से उनके किसान परिवार के साथ- साथ पूरे गांव में खुशी का माहौल है.

