सरायकेला: जिला नियोजनालय सह मॉडल कैरियर सेंटर, सरायकेला में सोमवार 01 सितंबर 2025 को सुबह 10 बजे से रोजगार मेला आयोजित किया जाएगा. इस रोजगार मेले में जिले की प्रमुख एवं प्रतिष्ठित कंपनियां जैसे श्याम स्टील लिमिटेड, रामकृष्णा फोर्जिंग्स लिमिटेड, बीएन ट्रैक्टर्स, प्रवीण इंजीनियरिंग, युवा शक्ति फाउंडेशन और मल्टीटेक प्राइवेट लिमिटेड भाग लेंगी.

इस रोजगार मेले में सरायकेला- खरसावां, जमशेदपुर और चाईबासा क्षेत्र में नियुक्ति हेतु योग्य अभ्यर्थियों का चयन किया जाएगा. कुल 800 से अधिक पदों पर नियुक्ति की संभावना है. चयनित अभ्यर्थियों को ₹13,000 से ₹35,000 प्रतिमाह वेतन दिया जाएगा. इसके साथ ही उन्हें मुफ्त बस सेवा, कैंटीन सुविधा, पीएफ, ईएसआईसी, इंसेंटिव और अन्य सुविधाएं भी प्रदान की जाएंगी.
पात्रता के अनुसार 18 से 45 वर्ष आयु वर्ग के नए एवं अनुभवी अभ्यर्थी रोजगार मेले में भाग ले सकते हैं. शैक्षणिक योग्यता के रूप में 8वीं, 10वीं, इंटरमीडिएट, आईटीआई, डिप्लोमा, स्नातक, स्नातकोत्तर, बीटेक और एमबीए धारक अभ्यर्थी शामिल हो सकते हैं.
जिला नियोजन पदाधिकारी आलोक कुमार तोपनो ने जिले के योग्य अभ्यर्थियों से अपील की है कि वे अधिक से अधिक संख्या में रोजगार मेले में भाग लेकर अवसरों का लाभ उठाएँ. उन्होंने स्पष्ट किया कि यह पूरी प्रक्रिया पूर्णतः निशुल्क होगी. अधिक जानकारी के लिए अभ्यर्थी मॉडल कैरियर सेंटर सह जिला नियोजनालय, सरायकेला- खरसावां में कार्यालय समय में संपर्क कर सकते हैं. साथ ही आधिकारिक ट्विटर हैंडल @SaraikelaMCC पर भी विस्तृत जानकारी उपलब्ध है.

