सरायकेला: जिले के बेरोजगार युवाओं को रोजगार उपलब्ध कराने के उद्देश्य से आगामी 09 जनवरी 2026, शुक्रवार को जिला नियोजनालय सह मॉडल कैरियर सेंटर, सरायकेला में रोजगार मेले का आयोजन किया जाएगा. यह रोजगार मेला पूर्वाह्न 10:00 बजे से शुरू होगा, जिसमें सरायकेला- खरसावां और जमशेदपुर के अभ्यर्थी भाग ले सकेंगे.

इस संबंध में जिला नियोजन पदाधिकारी आलोक कुमार तोपनो ने बताया कि रोजगार मेले में जिले की कई प्रतिष्ठित और प्रमुख कंपनियां भाग लेंगी. इनमें रामकृष्ण फोर्जिंग्स लिमिटेड, केसी. नाथ रिसोर्सेज, श्याम स्टील लिमिटेड, सुदिशा फाउंड्री, बीएन ट्रैक्टर्स, मित्तल मोटर्स, यूनिक सॉल्यूशन, संजीव रमन सिक्योरिटी, युवा शक्ति फाउंडेशन और प्रधान कंस्ट्रक्शन शामिल हैं.
रोजगार मेले के माध्यम से रोबोट इंजीनियर, टर्निंग ऑपरेटर, फिटर, एचएमसी और वीएमसी ऑपरेटर, मेंटेनेंस इंजीनियर, क्वालिटी इंजीनियर, सेल्समैन, टेलीकॉलर, ऑटोमोबाइल मैकेनिक, वेल्डर, सेफ्टी सुपरवाइजर, लाइन इंस्पेक्टर, प्रेस फिल्टर ऑपरेटर, क्रेन ऑपरेटर, मोबिलाइजर, कोऑर्डिनेटर, ट्रेनी, स्टोर कीपर, सिक्योरिटी गार्ड और ड्राइवर सहित कुल 1200 से अधिक पदों पर योग्य अभ्यर्थियों का चयन किया जाएगा. चयनित अभ्यर्थियों की नियुक्ति सरायकेला- खरसावां और जमशेदपुर क्षेत्र में की जाएगी.
जिला नियोजन पदाधिकारी ने बताया कि चयनित अभ्यर्थियों को ₹15,000 से ₹50,000 प्रतिमाह तक का वेतन प्रदान किया जाएगा. इसके साथ ही निःशुल्क बस सेवा, कैंटीन सुविधा, पीएफ, ईएसआईसी, इंसेंटिव और अन्य लाभ भी कंपनियों द्वारा उपलब्ध कराए जाएंगे. रोजगार मेले में भाग लेने के लिए अभ्यर्थियों की आयु सीमा 18 से 45 वर्ष निर्धारित की गई है. शैक्षणिक योग्यता के अंतर्गत 8वीं, 10वीं, इंटरमीडिएट, आईटीआई, डिप्लोमा, स्नातक, स्नातकोत्तर, बी.टेक और एमबीए उत्तीर्ण अभ्यर्थी आवेदन कर सकते हैं. नए और अनुभवी दोनों प्रकार के अभ्यर्थी अपने बायोडाटा के साथ निर्धारित तिथि और समय पर रोजगार मेले में उपस्थित हो सकते हैं. जिला नियोजन पदाधिकारी ने जिले के सभी योग्य अभ्यर्थियों से अपील की है कि वे अधिक से अधिक संख्या में रोजगार मेले में भाग लेकर उपलब्ध रोजगार अवसरों का लाभ उठाएं. अधिक जानकारी के लिए अभ्यर्थी कार्यालय अवधि में मॉडल कैरियर सेंटर सह जिला नियोजनालय, सरायकेला- खरसावां से संपर्क कर सकते हैं. उन्होंने स्पष्ट किया कि यह पूरी चयन प्रक्रिया पूर्णतः निःशुल्क है.

